शाहजहांपुर (हि.स.)। सोने के नकली सिक्के असली बताकर ठगने वाले पीलीभीत के तीन ठगों को बंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ठगों के कब्जे से पुलिस को सोने के दो असली और 40 नकली सिक्के भी बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक एस आनन्द ने रविवार को प्रेसवार्ता कर यह जानकारी देते बताया कि देर रात को बंडा प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार व उनकी टीम ने सूचना पर ग्राम ददिउरी जाने वाले रास्ते स्थित सिद्ध बाबा कुटिया के पास से तीन ठगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए ठग पड़ोस के जनपद पीलीभीत के थाना पूरनपुर क्षेत्र के मोहल्ला ढका निवासी नसीम, ग्राम रजागंज निवासी शाहिद तथा ग्राम मुझा निवासी दिलशाद है। ठगों के कब्जे से पुलिस को सोने के दो असली सिक्के, 40 नकली सिक्के, ठगे गए दो हजार रुपये, एक मोटरसाइकिल, चार तमंचे व कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पहले तो ठग लोगों को सोने के असली सिक्के दिखाकर और कम कीमत में बेचने की बात कहकर अपने जाल में फंसा लेते। लालच में आकर लोग ठगों से सौदा तय कर लेते। जिसके बाद तीनों ठग ऐसे लोगों को नकली सिक्के भेज देते हैं और भारी-भरकम रकम ऐंठ कर फरार हो जाते। ठगों ने इसी प्रकार से पीलीभीत व बरेली जनपद में भी कई लोगों को ठगा है।
