शाहजहांपुर (हि.स.)। जनपद में गुरुवार तड़के यात्रियों से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर खाई में उतर कर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई और कई यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, अनुसार मिनी बस संख्या यूपी 31 एटी 1688 चंडीगढ़ से यात्रियों को लेकर कुशीनगर जा रही थी। बस में करीब तीस यात्री सवार थे। गुरुवार तड़के थाना तिलहर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास मिनी बस अनियंत्रित होकर खाई में उतर कर पेड़ से टकरा गई। बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में कुशीनगर निवासी गणेश (25) और गोविंद (38) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रुप से घायल कुशीनगर निवासी संदीप (25), अखिलेश (33), शहाबुद्दीन (29), अरविंद (10), मनोज कुमार (28) व एक अन्य व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं अन्य यात्रियों के भी हल्की चोटे आई हैं।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि अधिकतर यात्री कुशीनगर के रहने वाले हैं और चंडीगढ़ में काम करते हैं। होली पर्व पर सभी लोग वापस कुशीनगर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि चालक को झपकी आ जाने से यह हादसा हुआ है। पुलिस ने शवो को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
