शाहजहांपुर (हि.स.)। थाना रामचन्द्र मिशन पुलिस ने प्रिंटर की मदद से नकली नोट छाप कर बाजार में चलाने वाले एक नकली नोटों के सौदागर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से पांच सौ के 104 नकली नोट बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात थाना रामचन्द्र मिशन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पंथवारी तिराहा के पास से थाना रोजा क्षेत्र के गांव बिलन्दपुर गोटिया निवासी रवि कुमार को मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके कब्जे से पांच सौ के 97 नकली नोट बरामद हुए है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर रोजा क्षेत्र में मढ़िया कॉलोनी में उसकी मोबाइल व फोटोस्टेट की दूकान से पांच सौ के सोलह अधबने नोट एक कलर प्रिन्टर व कार्टेज, दो ब्लेड पेपर कटर आदि सामान और पांच सौ के दो असली नोट बरामद हुए हैं।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वो अंधेरा होने पर भीड़–भाड़ वाली शराब की दुकान, सब्जी की दुकान, परचून की दुकान पर नकली नोट को चलाता है। इससे पहले भी वो कई बार नकली नोटों को मार्केट में चला चुका है।
अमित/दीपक
