शाहजहांपुर (हि.स.)। पुलिस ने रोजा क्षेत्र में ज्वैलर्स शाॅप से हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए बावरिया गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।जिनके कब्जे से अवैध हथियार समेत सोने व चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने शुक्रवार की बताया कि बीते चार सितम्बर की रात्रि किसी समय अज्ञात चोरों बरतारा मार्केट स्थित एक ज्वेलरी शाॅप में नकाब लगाकर दुकान में घुस गए और तिजोरी तोड़कर उसमें रखे सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिये।रझौआ कला निवासी ज्वेलर मयंक प्रताप सिंह ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
रोजा पुलिस की टीम घटना के खुलासे व चोरो की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई थी।बीती रात्रि पंजाब भागने की फिराक में जमुका तिराहे के पास खड़े बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई।एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर भी किया लेकिन पहले से सतर्क पुलिस कर्मियों ने बचाव किया और जनपद लखीमपुर खीरी के थाना पसगंवा क्षेत्र के गांव रमपुरा निवासी रघुवीर, पंकज उसके भाई मंगल तथा शाहजहांपुर के थाना बंडा क्षेत्र के गांव लक्ष्मणपुर गोटिया निवासी पंकज उर्फ नेमपाल को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि गिरोह का सरगना रघुवीर है। पूछताछ में उसने कुछ अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। जिनके बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
