शाहजहांपुर (हि.स.)। सदर बाजार थाना क्षेत्र में आठ अप्रैल को बैंक में रुपये जमा करने जा रहा कैश कलेक्शन कर्मचारी से सरेराह चार लाख से अधिक रुपयों की हुई लूट का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने पांच लुटेरों को गिरफ्तार कर किया है।
पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया कि बीते आठ अप्रैल को रेडियंट कैश मैनेजमेंट में कैश कलेक्शन का काम करने वाले कर्मचारी परवेज से चार लाख अठारह हजार रुपये की लूट हो गई थी। लूट की वारदारत के खुलासे को लेकर एसओजी व थाना सदर बाजार पुलिस की संयुक्त टीम को लगाया गया था।
बीती रात टीम ने कैंट क्षेत्र में घेराबन्दी कर पांच लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान थाना चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हुसैनपुरा निवासी सुधांशु सिंह चौहान व हर्षित मिश्रा, भाटन टोला निवासी उत्कर्ष शर्मा,थाना सेरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव बादशाहनगर निवासी अभिनव सिंह उर्फ राजा और थाना सदर बाजार क्षेत्र निवासी वैभव मिश्रा है। लुटेरों के कब्जे से पुलिस को तीन लाख पंद्रह हजार नौ सौ रुपये, घटना मे प्रयुक्त मोटरसाइकिल, अवैध असलहा आदि चीजें बरामद हुई है।
एसपी ने बताया कि आरोपित हर्षित और सुधांशु पहले इस कंपनी में काम कर चुके हैं। हर्षित ने करीब डेढ़ माह पहले नौकरी छोड़ दी। हर्षित व सुधांशु को रुपये के लेनदेन की पूरी जानकारी थी। दोनों आरोपियो ने तीन अन्य आरोपियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए टीम को काफी महेनत करनी पड़ी। टीम ने तीन सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेजों को खंगाला है, तब जाकर टीम को सफलता मिल सकी है।
अमित/दीपक
