आशुतोष
नई दिल्ली (हि.स.)। कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति सकारात्मक भाव रखे तो वह जल्दी स्वस्थ्य होता है। संक्रमित व्यक्ति को आशा और विश्वास बनाए रखना होगा। वहीं संक्रमित व्यक्ति से हमें शारीरिक दूरी जरूर रखनी चाहिए, लेकिन सामाजिक दूरी नहीं। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के मनोचिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉ. नंद कुमार ने यह बात कही।
डॉ. नंद कुमार ने कहा कि कोरोना के अधिकतर मरीज ठीक हो रहे हैं। बहुत बड़ी संख्या में मरीज घर पर उपचार कर के ही ठीक हो जा रहे हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमित व्यक्ति को ऐसा भाव रखना चाहिए कि वे ठीक हो जाएंगे। उसे नकारात्मक खबरों की बजाय सकारात्मक खबरें देखनी चाहिए। जिससे वे खुद को विश्वास दिला सकें कि अधिकतर लोग इस बीमारी से ठीक हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत में कोरोना के मामले आने कम हो गए थे। इसी बीच लोग लापरवाह होते गए जिसके बाद मामले बढ़ने लगे। डॉ. कुमार ने कहा कि अगर कोरोना को लेकर लोगों में सही जानकारी होती, इसके खतरे के बारे में उन्हें पूरी तरह से अवगत कराया जाता तो लोग सावधान रहते। कोरोना की गंभीरता के बारे में पता होता तो लोग कुंभ में जाने से बचते। होली के त्योहार पर ध्यान रखते, सामाजिक उत्सव, शादी सरीखे कार्यक्रम में भीड़-भाड़ से बचते।
बुखार होने पर न घबरायें
बुखार से जुड़े एक सवाल पर डॉ. नंद कुमार ने कहा कि कोरोना संक्रमण के दौरान बुखारा आता है। लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है। दुनियाभर के विशेषज्ञों की यही राय है कि 85 से 90 फीसदी लोगों के बुखार स्वत: ही ठीक हो जाते हैं। लेकिन देखा जा रहा है कि कोरोना संक्रमित की रिपोर्ट आते ही लोग घबरा जाते हैं। उनके दिमाग में अनायास कुछ बातें घर कर जाती हैं। उस स्थिति से निकलने की जरूरत है। बुखार होने पर डॉक्टर की सलाह पर ही दवा लें। इस बात का ध्यान रहे कि अधिकतर लोग घर पर रहकर ठीक हो रहे हैं।
स्वयं को मानसिक तौर पर स्वस्थ रखें
डॉ. कुमार ने कहा कि खुद को मानसिक तौर पर स्वस्थ रखें। इस स्थिति में सकारात्मक रहना बहुत जरूरी है। कोरोना संक्रमित होने से लोग घबरा जाते हैं, जिसके कारण उन्हें नींद नहीं आती। वे नकारात्मक बातें सोचने लगते हैं। ये सब इसी कारण होता है, क्योंकि संक्रमित व्यक्ति बीमारी के बारे में अधित सोचता है।
उन्होंने कहा कि इन दिनों समाचार पत्रों, मीडिया, सोशल मीडिया आदि में नकारात्मक खबरों की भरमार है। ऐसे में मरीज को इस तरह की खबरों से बचना चाहिए। इससे बचने के लिए अच्छी फिल्में देखें, लोगों से बातें करें, अपने आप को सकारात्मक कार्यों में व्यस्त रखें। अच्छी नींद लें और दिन में तीन बार ब्रीदिंग एक्सरसाइज करें। साथ ही शारीरिक दूरी रखते हुए लोगों से संवाद करें।
