कानपुर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि रविवार से शुरू होने जा रहा है। इसको लेकर जिले के सभी देवी मंदिरों में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। इस बार मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने की उम्मीद है। जिले लेकर मंदिर प्रशासन और पुलिस ने व्यवस्था बनाई हुई है।
कानपुर जिले की प्रसिद्ध मंदिर मां तपेश्वरी, मां बारा देवी, कुष्मांडा देवी, जंगली देवी, बुद्धा देवी सहित तमाम देवी मंदिर सज चुके हैं। मंदिर में दर्शन करने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इसे लेकर भी तैयारियां की गई है। रविवार को नवरात्रि का प्रथम दिन में मां शैलपुत्री की पूजा की जाएगी। लोग पहले दिन अपने घरों में भी कलश की स्थापना करते है, इसको देखते हुए पहले दिन मंदिरों में भीड़ कम रहेगी। लेकिन दूसरे दिन से भीड़ शुरू हो जाएगी। इसको ध्यान में रखते हुए पुलिस और मंदिर प्रशासन ने सारे इंतजाम कर रखे हैं। बैरिकेडिंग के जरिए महिला और पुरूष की अलग-अलग लाइन में लगकर मां के दर्शन कर सकेंगे। सीसीटीवी कैमरे से मंदिर परिसर से लेकर मेला परिसर की निगरानी पुलिस करेगी। सादी वर्दी में भी महिला और पुरूष तैनात किए जाएंगे।
कानपुर पुलिस कमिश्ररेट के अधिकारियों ने बताया कि नवरात्रि और दशहरा सहित आगामी सभी त्योहाराें को शांति पूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस ने सारी तैयारियां कर रखी है।
हिमांशु/दीपक/डॉ. कुलदीप
