Monday, February 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशशामली में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, चार लोगों की मौत

शामली में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, चार लोगों की मौत

शामली (हि.स.)। शामली जनपद के कैराना में शुक्रवार शाम को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से चार लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया।

शामली जनपद के कैराना कस्बे में रजवाहे के किनारे इकबाल की अचार फैक्ट्री लंबे समय से बंद पड़ी थी। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले ही उसने राशिद नामक व्यक्ति को फैक्ट्री किराए पर दी और वह अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम कर रहा था। शुक्रवार की शाम को इस फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ। विस्फोट से पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। चारों मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई। लोगों ने विस्फोट में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया। कई लोग अभी फैक्ट्री के मलबे में दबे हुए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू कराया। कई एंबुलेंस मौके पर पहुंची। जिलाधिकारी जसमीत कौर और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव भी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी का कहना है कि अवैध पटाखा फैक्ट्री के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मौके पर राहत कार्य किए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular