Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशशादी में गए परिवार का घर बदमाशों ने खंगाला

शादी में गए परिवार का घर बदमाशों ने खंगाला

मेरठ (हि.स.)। भावनपुर थाना क्षेत्र में शादी में गए परिवार के घर को बदमाशों ने खंगाल डाला। बदमाश मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चुराकर ले गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

भावनपुर थाना क्षेत्र की कृष्णा एन्क्लेव कॉलोनी में मनीष शर्मा अपने परिवार के साथ रहते हैं। मनीष ने बताया कि वह परिवार के साथ पारिवारिक विवाह समारोह में गए थे। इसी बीच बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार की सुबह मकान का ताला टूटा हुआ देखकर कॉलोनी के गार्ड ने फोन पर सूचना दी। वह तत्काल घर पहुंचे तो देखा कि बदमाशों ने पूरे मकान को खंगाल डाला है। बदमाश घर में रखे ढाई लाख रुपए, सोने-चांदी के आभूषण चोरी करके ले गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड की सहायता से बदमाशों की तलाश शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद भी बदमाशों का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्दी ही बदमाशों का पता लगा लिया जाएगा।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular