Tuesday, March 3, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाशहीद स्थल पर मलबा निस्तारण प्लांट लगाने की सूचना पर भड़के ग्रामीण

शहीद स्थल पर मलबा निस्तारण प्लांट लगाने की सूचना पर भड़के ग्रामीण

संवाददाता

बालपुर, गोण्डा। विकास खण्ड हलधरमऊ के अंतर्गत ग्राम पंचायत हड़ियागाड़ा के द्वितीय विश्व युद्ध में 29 लोगां ने भाग लिया था, जिसमें 23 लोग शहीद हो गए थे। उनके सम्मान में अंग्रेजी सरकार ने गांव के समीप शौर्य स्तम्भ लगवाया था। इस गांव सभा की करीब चार बीघा जमीन पर शौर्य स्तम्भ के पास प्राथमिक स्वास्थ केंद्र बन रहा है। शेष बची जमीन पर जिला प्रशासन कई ब्लाकों का मलबा निस्तारण प्लांट लगाने के लिए गांव पंचायत से प्रस्ताव करने के लिए दबाव बना रहा है। बताते हैं कि प्रशासन के दबाव के बावजूद गांव पंचायत के सदस्यों ने प्रस्ताव करने से मना कर दिया। मंगलवार को प्लांट लगाने के विरोध में गांव वालों ने जमकर प्रदर्शन करके आरपार लड़ाई लड़ने का ऐलान कर दिया। परिणाम स्वरूप जमीन का सर्वेक्षण करने के लिए आये खण्ड विकास अधिकारी को वापस लौटना पड़ा। धरना प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे अशोक कुमार सिंह व अनुपम सिंह ने बताया कि इस शहीद स्थल पर जिले का मलबा इकट्ठा होने से शहीदों का अपमान होगा। यह शहीद हम लोगो के पूर्वज हैं। इनके सम्मान के लिए हम सड़क पर भी उतर सकते हैं। किसी भी दशा में इस स्थान पर मलबा निस्तारण प्लांट नहीं लगने दिया जायेगा। प्रदर्शनकारी शिव प्रसाद सिंह, केदार सिंह, निशांत सिंह, ननके सिंह, अमित, संदीप सिंह, विजय प्रताप सिंह ने बताया कि अगर मामले का निस्तारण नहीं हुआ तो गांव वालों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे। खण्ड विकास अधिकारी राम आज्ञा मौर्य ने बताया कि गांव वालों के विरोध की सूचना मुख्य विकास अधिकारी को दे दी गई है। जल्द मामले का निस्तारण हो जायेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular