Friday, March 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेश शहीदों के अन्तिम संस्कार में राज्य सरकार के मंत्री होंगे शामिल

 शहीदों के अन्तिम संस्कार में राज्य सरकार के मंत्री होंगे शामिल

– मुख्यमंत्री ने सिक्किम में कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए सेना के जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी

-प्रदेश के शहीद सैनिकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा

-इन शहीदों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा शहीद सैनिकों के नाम पर उनके जनपद की एक सड़क का नामकरण करने की भी घोषणा

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिक्किम में कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए सेना के जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने मुजफ्फरनगर निवासी सेना के जवान लोकेश कुमार, उन्नाव निवासी सेना के जवान श्याम सिंह यादव, एटा निवासी सेना के जवान भूपेन्द्र सिंह और ललितपुर निवासी सेना के जवान चरन सिंह के शौर्य और वीरता को नमन करते हुए अपनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के शहीद सैनिकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने इन शहीदों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा शहीद लोकेश कुमार, श्याम सिंह यादव, भूपेन्द्र सिंह और चरन सिंह के नाम पर उनके जनपद की एक सड़क का नामकरण करने की भी घोषणा की है।

मुख्यमंत्री योगी ने शहीद सैनिकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शोक की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहीद सैनिकों का अन्तिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। शहीद सैनिकों के अन्तिम संस्कार में राज्य सरकार के मंत्रीगण सम्मिलित होकर श्रद्धांजलि देंगे।

सिक्किम में शुक्रवार को एक हादसे में 16 जवान शहीद हो गए थे। उनमें चार जवान उत्तर प्रदेश के हैं। शहीदों के पार्थिव शरीर शनिवार को यहां लाया जा रहा है।

दिलीप शुक्ल

RELATED ARTICLES

Most Popular