फर्रुखाबाद (हि.स.)। जिले के चर्चित शिवा हत्याकांड में अधिवक्ता सहित आठ लोगों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बेटे शिवा की हत्या के मामले में मोहल्ला रकाबगंज निवासी मां शारदा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट में रकाबगंज निवासी सुरेश गिहार उर्फ बच्चा, उनके पुत्र अजय कुमार व सुशील, प्रदीप सनी पुत्रगण लालाराम, अनुज पुत्र अनिल, सोनू पुत्र रमेश एवं ग्राम आमिलपुर निवासी अनिल यादव पुत्र रामेश्वर को आरोपी वनाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक शिवा सोमवार को दिन के 03 बजे मोहल्ला ढुइयां में दिलदार के घर पर उधारी के रुपये लेने गया था।
दिलदार के घर पर न मिलने के कारण शिवा वापस घर जा रहा था। जब शिवा चुंगी के पास पहुंचा तो उसने अपने फोन से राजा पुत्र विक्रम को फोन किया, तो तुरंत ही राजा व अनूप स्कूटी से शिवा के पास पहुंचे। तभी सुरेश के कहने पर अजय व सुशील तथा अनिल यादव ने तमंचे से शिवा पर जान से मारने की नियत से फायर किए। इसी दौरान अन्य आरोपियों ने भी फायरिंग की, जिससे शिवा की मौत हो गई। पुलिस ने अपराध संख्या 827/ 21 धारा 147, 148, 149, 302, 120 बी एवं अनुसूचित जाति एवं जनजाति निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
अजय कुमार एडवोकेट हैं। वह कचहरी में प्रैक्टिस करते हैं। इसी क्रम में शिवा के घर पर जानलेवा फायरिंग करने के आरोप में रतन गिहार पुत्र गुलजारीलाल ने 11 लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में मोहल्ले के अजय, सुशील, अनुज, सनी, प्रदीप, सोनू, सुरेश, अनिल, रमेश, नरेश एवं हरिओम को आरोपी बनाया गया है।
यह रिपोर्ट शिवा के चाचा रतन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि मेरे भतीजे शिवा की अजय आदि ने हत्या कर दी थी। उसके बाद सभी आरोपी असलाह लेकर करीब मेरे घर में घुस आए। जिन्होंने शिवा की पत्नी तन्नू एवं विक्की की पत्नी रश्मि को जान से मारने की नियत से गोलियां चलाई। जिससे तन्नू व रश्मि घायल हो गई उसने व उसके भाई सूरज तथा सूरज की पत्नी रेखा के चिल्लाने व शोर मचाने पर उपरोक्त लोग भविष्य में जान से मारने की धमकी देकर देते हुए घर के अंदर से बाहर पीछे से चले गए। दोनों मुकदमों की जांच सीओ सिटी नितेश सिंह को सौंपी गई है।
