– 196 मंदिरों की सूची तैयार कर कब्जों पर कार्रवाई के अफसरों को दिए निर्देश
कानपुर (हि.स.)। शहर के मंदिरों को बचाने की कवायद में जुटी महापौर प्रमिला पांडे ने सोमवार को बाबूपुरवा गेट नंबर 6 के पास एक प्राचीन शिव मंदिर का निरीक्षण किया।
स्थानीय लोगों की शिकायत पर पहुंची महापौर का पारा उस वक्त चढ़ गया जब उन्होंने मंदिर में मूर्तियों को खंडित हालत में देखा। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंदिर के पुनर्निर्माण के नाम पर मूर्तियों को हटाया जा रहा है और पूरे मंदिर परिसर में कब्जे की तैयारी की जा रही है। इसके लिए बकायदा भूमाफियाओं संग साजिश रची जा रही है।
इस मामले में महापौर प्रमिला पांडे ने जोनल 3 प्रभारी राधेश्याम पटेल को आदेश देते हुए कहा कि जब तक मंदिर की जगह का सत्यापन ना कर दिया जाए, तब तक निर्माण की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंदिर सैकड़ों साल पुराना है जिसमें माता पार्वती, हनुमान जी की भी मूर्तियां रखी थीं।
महापौर ने बताया कि बाबूपुरवा के मंदिर पर कब्जे के लिए मिलीभगत की जा रही है जिसकी सूचना पर उन्होंने निर्माण को रुकवा दिया है अब इनको नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा। तब तक मंदिर के निर्माण पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस सम्बंध में नगर निगम सभागार में महापौर ने अफसरों के साथ बैठक की और मंदिरों पर कब्जा मुक्त कराने के रणनीति बनाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंदिरों को बचाने के लिए महापौर पिछले कई दिनों से शहर की सड़कों व गलियों में घूम रही हैं। इससे पहले महापौर में शनिवार को बेकनगंज, चमनगंज और बजरिया के मुस्लिम इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ मंदिरों की दुर्दशा देखी थी।
महमूद
