-लखनऊ में मेट्रो सेवाओं के चास साल पूर्ण
– मुख्य सचिव ने दी टीम को बधाई
लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी ने लखनऊ शहर में मेट्रो परिचालन सेवाओं के सफलतापूर्वक 4 वर्ष पूर्ण होने पर मेट्रो टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह बड़े गौरव और सम्मान की बात है कि आज लखनऊ मेट्रो ने अपने सफलतापूर्वक संचालन के 4 वर्ष पूरे किये हैं। लखनऊ मेट्रो की टीम ने जिस कर्तव्यनिष्ठा और तत्परता का परिचय दिया है, उससे उनकी प्रशंसा पूरे देश में हो रही है। वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश के तीन शहरों लखनऊ, गौतमबुद्धनगर तथा गाजियाबाद में मेट्रो सेवाएं संचालित हैं। वर्तमान समय में मेट्रो सेवा नगरीय परिवहन की अनिवार्यता बन गई है। मेट्रो सेवाएं शहरी यातायात को सुगम बनाती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि लखनऊ मेट्रो ने विगत 4 वर्षों में जो मुकाम हासिल किया है, अपनी समयशीलता के लिए, अपनी सुरक्षा के लिए और अपनी सेवा के उच्च मानदण्डों को प्रदान करने के लिए, मैं आशा करता हूं कि लखनऊ मेट्रो इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए देश के सर्वश्रेष्ठ मेट्रो के रूप में अपने आपको स्थापित करे।
ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मेट्रो डिपो में आयोजित कार्यक्रम लखनऊ मेट्रो दिवस-2021 में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा कि आज शिक्षक दिवस भी है, आज के दिन हम अपने गुरुओं का सम्मान करते हैं, नमन करते हैं तथा अपने गुरुओं के आशीर्वाद से ही हम सफलता की ऊँचाइयों को पा सके।
मेट्रो दिवस के उपलक्ष्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन एवं लगनशील कर्मचारियों को मुख्य सचिव ने एमडी गोल्ड और सिल्वर मेडल से सम्मानित किया। इस बार भी प्रोजेक्ट श्रेणी में शीत बसंत सिंह, सहायक प्रबंधक सिविल को गोल्ड और सूरज कुमार, सेक्शन इंजीनियर, सिविल को एमडी सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। इसके अलावा आपरेशन्स और रोलिंग स्टाॅक श्रेणी के अंतर्गत, चंदन कुमार पाण्डेय, स्टेशन कंट्रोलर, ट्रेन आपरेटर, परिचालन ने गोल्ड और शिवानी वैष्णव, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रोलिंग स्टाॅक) ने सिल्वर मेडल जीता। वहीं, मेंटेनेन्स स्टाफ में गौरव सिंह, सेक्शन इंजीनयिर, पी-वे, को एमडी गोल्ड मेडल और अरूण मौर्या, सेक्शन इंजीनियर, विद्युत एवं यांत्रिक को एमडी सिल्वर मेडल प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, इस वर्ष सर्वश्रेष्ठ अनुरक्षित स्टेशन का पुरस्कार सीसीएस एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन के खाते में गया।
एमडी गोल्ड मेडल विजेताओं को 5 हजार रुपये और सिल्वर मेडल विजेताओं को 3 हजार रुपये की धनराशि दी गई। सर्वश्रेष्ठ अनुरक्षित स्टेशन मुंशीपुलिया की स्टाफ टी को संयुक्त रूप से 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। मेट्रो दिवस पर कुमार केशव ने सीसीएस एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन पर सुबह लगभग 11 बजे ‘लिम्का बुक आफ रिकाॅर्ड के सर्टिफिकेट का अनावरण किया। मेट्रो दिवस को यात्रियों के साथ मनाने के लिए सीसीएसएपी मेट्रो स्टेशन पर ही 3 करोड़ 25वें लाख यात्री के साथ 3 सबसे बड़े रिचार्ज कराने वाले यात्रियों को प्रबंध निदेशक द्वारा पुरस्कार दे कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त यात्रियों के मनोरंजन के लिए शाम 5 बजे से हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर म्यूजिक बैंड का आयोजन भी किया गया।
