– लालबाग और खुर्रमनगर की सड़कों स्थिति बेहद खराब
लखनऊ(हि.स.)। नगर निगम के अंतर्गत आने वाली शहरी कालोनियों की सड़कों का खस्ताहाल है और इसे दुरुस्त कराना नये महापौर सुषमा खर्कवाल के लिए बड़ी चुनौती है। शहर के भीतर जिस जोन में स्मार्ट सिटी का कार्य गति पर है, इसके अतिरिक्त दूसरे क्षेत्रों में सड़कों के गड्ढ़े साफ-साफ दिखलायी पड़ते हैं। वहीं स्मार्ट सिटी के तहत कराए गए कार्यों में बनी सड़कें ऊपर नीचे उभरती हुई आकृति यानि मानक विहीन दिख रही है।
नगर निगम के जोन एक में सड़कों का सबसे ज्यादा बुरा हाल है। अतिक्रमण हटाने में पीछे रहने वाले इस जोन में स्मार्ट सिटी का कार्य चल रहा है। कैसरबाग के गोल चौराहे पर दो बार स्मार्ट सड़क बनी हैं और कुछ दिनों बाद उस पर तार बिछाने के नाम पर तो कभी पाइप बिछान के लिए खुदाई कर दी जा रही। यहां कई मोड़ पर सड़कें खोदी हुई पड़ी है। वहीं इसके पास में गिट्टी का ढ़ेर लगा हुआ है, जो लालबाग जाती हुई सड़क को आधे से ज्यादा ढकी हुई है।
कैसरबाग से लालबाग की सड़क पर सात स्थानों पर तार बिछाने के लिए गड्ढ़े किये गये। जिसे अभी तक भरा नहीं जा सका है। इसके कारण उधर से गुजरने वाले वाहन सवारों को झटके लगने में कोई कमी नहीं है।
नगर निगम की सड़कों की बहुत ही खराब स्थिति है और इसमें राजाजीपुरम कालोनी के कई ब्लाकों में, इंदिरा नगर क्षेत्र की चार बड़ी कालोनियों में, महानगर के आसपास की कालोनियों में, निशातगंज की कालोनियों, गोमती नगर चिनहट के निकट कालोनियों में सड़कें बहुत खराब स्थिति में हैं। शहर के पुराने मोहल्ले ऐशबाग, पाण्डेयगंज, वजीरगंज, ठाकुरगंज, माडल हाउस, वार्लिंगटन रोड, हुसैनगंज, मवईया, सदर, जियामऊ, लेखराज की सड़कें भी काफी खस्ता हालत में हैं।
खुर्रमनगर व्यापारी संगठन के पदाधिकारी सलीम और अजय कुमार ने कहा कि हर बार भाजपा के महापौर को जीताकर मिनी सदन में भेजा जाता है। व्यापारी हित में कार्य भी होते हैं। बावजूद इसके खुर्रमनगर क्षेत्र की सड़कों को दुरुस्त करने, चौड़ीकरण करने और सड़क किनारे के तारों को हटवाने का कार्य बीते 10 वर्षों में नहीं हुआ। इसके लिए तत्कालीन महापौर डा.दिनेश शर्मा एवं उसके बाद महापौर बनी संयुक्ता भाटिया से कहा गया था।
महानगर से खुर्रमनगर की ओर जाने वाली सड़कों पर 100 मीटर पर बिजली के खम्भे लगे हैं। इससे सड़क की चौडाई कम हो जाती है। इसके बाद सड़क पर छोटे-बड़े कई गड्ढ़े भी हैं। जिससे वाहनों की रफ्तार बढ़ नहीं ंपाती है। खुर्रमनगर की ओर जाने वाली सड़कें विकास नगर के मुख्य मार्ग और आगे बढ़ने पर बाईपास से जुड़ती हैं। इस सड़क से प्रतिदिन लाखों लोगों को आवागमन होता है। लेकिन बेहतर सड़कें न होने से उन्हें रास्तों में तकलीफों का सामना करना पड़ता है। नवनिर्वाचित महापौर सुषमा खर्कवाल से काफी उम्मीदें हैं कि अब नगर निगम के अंतर्गत और स्मार्ट सिटी योजना से राजधानी में बेहतर सड़कों का निर्माण कराकर जनता को सहूलियतें मिलेंगी।
शरद/मोहित
