– 37 पेटी अवैध शराब बरामद
इटावा(हि.स.)। जनपद में निकाय चुनाव के दौरान मतदाताओं के बीच शराब बांटने के आरोप में पुलिस ने समाजवादी पार्टी(सपा) के उम्मीदवार अजय यादव उर्फ गुल्लू के बेटे अंकित यादव समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार सपा नेता के बेटे अंकित यादव के पास से 37 पेटी अवैध देशी शराब एक लग्जरी गाड़ी और 65 सौ रुपये की नगदी बरामद की है। अजय यादव उर्फ गुल्लू समाजवादी पार्टी से भरथना नगर पालिका सीट पर चेयरमैन पद के उम्मीदवार हैं। मुखबिर की सूचना पर थाना भरथना पुलिस ने गिरफ्तारी की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि थाना भरथना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को शिवा गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार लोगों ने अपना नाम अंकित यादव पुत्र अजय यादव उर्फ गुल्लू निवासी अरविंद नगर थाना भरथना, गौरव यादव पुत्र सुखबीर सिंह थाना भरथना, शैलेंद्र यादव पुत्र होम सिंह यादव निवासी ग्राम नगला धना थाना भरथना, रोहित कुमार उर्फ बलधारी निवासी नगला बाग थाना भरथना बताया है।
पुलिस पूछताछ में अंकित यादव ने बताया कि मेरे पिता अजय यादव भरथना नगरपालिका सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार हैं और उन्हें जीत हासिल करवाने के लिए मतदाताओं के बीच हमलोग यह शराब बांटने जा रहे थे।
रोहित/राजेश तिवारी
