मेरठ(हि.स.)। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के श्रद्धापुरी फेस-2 में बदमाशों ने सेल्समैन से नौ लाख रुपये लूट लिये। इसके बाद बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की श्रद्धापुरी फेस-2 सर्विस रोड पर राजीव मित्तल का शराब का गोदाम है। मंगलवार को उनके शराब गोदाम का सेल्समैन राजेंद्र नौ लाख रुपये लेकर बैंक में जमा करने जा रहा था। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने सेल्समैन की स्कूटी को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद बाइक पर बैठे बदमाश ने सेल्समैन पर पिस्टल तान दी और नौ लाख रुपये लूट लिये। इसके बाद बदमाश धमकी देते हुए सरधना की ओर फरार हो गए। बदमाशों के भागने के बाद सेल्समैन ने शोर मचा दिया।
सूचना पर गोदाम मालिक राजीव मित्तल भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस सेल्समैन से पूछताछ करके बदमाशों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्दी ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
कुलदीप
