लखनऊ (हि.स.)। राजधानी लखनऊ के बिजनौर में सोमवार की आधी रात को शराब के नशे में धुत पति ने पीटकर पत्नी की हत्या कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम भेज दिया।
बिजनौर के चंद्रावल का माजरा सहुदल्ला खेड़ा में रहने वाला सुरेश मजदूरी करके पत्नी चंद्रावती और बच्चे शिवा (13) सुशांत (09), आयुष (05) और बेटी कविता का जीवन यापन करता हैं। वह शराब का लती है। होली त्योहार के चलते वह देर रात को नशे में घर पहुंचा तो पत्नी से झगड़ा हो गया। इसके बाद उसने पत्नी को बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसने दम तोड़ दिया। पत्नी की मौत के बाद बच्चों को दूसरे कमरे में सोता हुआ छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। थानेदार अरविंद कुमार राणा ने बताया कि आरोपित ने रात में बेल्ट से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या की है। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है।
दीपक/मोहित
