Tuesday, March 31, 2026
Homeविधि एवं न्यायशंकर मिश्रा का दावा- एयर इंडिया की फ्लाइट में महिला ने अपनी...

शंकर मिश्रा का दावा- एयर इंडिया की फ्लाइट में महिला ने अपनी सीट पर खुद पेशाब की

नई दिल्ली(हि.स.)। एयर इंडिया की फ्लाइट में महिला के ऊपर पेशाब करने के आरोपित शंकर मिश्रा ने आज पटियाला हाउस के सेशंस कोर्ट से कहा कि उसने महिला पर पेशाब नहीं किया था, बल्कि खुद महिला ने अपनी सीट पर पेशाब किया था। शंकर मिश्रा के वकील रमेश गुप्ता ने आज एडिशनल सेशंस जज हरज्योति सिंह भल्ला की कोर्ट में ये बातें कही।

पटियाला हाउस के सेशंस कोर्ट में आज शंकर मिश्रा को पेश किया गया। उसके वकील रमेश गुप्ता ने कोर्ट से कहा कि शिकायतकर्ता महिला की सीट ब्लॉक थी और वहां तक कोई नहीं पहुंच सकता था। शिकायतकर्ता एक कथक नर्तकी है और 80 फीसदी कथक नर्तकियों को बार-बार पेशाब आता है। रमेश गुप्ता ने दिल्ली पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि पेशाब करने वाला कोई और रहा होगा, क्योंकि शंकर मिश्रा शिकायतकर्ता महिला के पीछे की सीट पर बैठा था। इस पर कोर्ट ने कहा कि मैंने भी फ्लाइट में यात्रा की है। फ्लाइट में एक जगह से दूसरी जगह जाना या एक कतार से दूसरी कतार में आसानी से पहुंचा जा सकता है।

सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने कहा कि अभी ये जांच करनी है कि आरोपित ने फ्लाइट में शराब पी रखी थी या नहीं। तब सेशंस कोर्ट ने कहा कि ये मसला जब मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में नहीं उठा है, तो इस पर सेशंस कोर्ट कैसे सुनवाई कर सकता है। उसके बाद सेशंस कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के समक्ष जाने की अनुमति दी।

7 जनवरी को मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ने शंकर मिश्रा को पुलिस हिरासत में भेजने से इनकार करते हुए 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। पुलिस हिरासत में नहीं भेजने के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के आदेश को दिल्ली पुलिस ने सेशंस कोर्ट में चुनौती दी थी। 11 जनवरी को कोर्ट ने शंकर मिश्रा की जमानत याचिका खारिज कर दी थी।

संजय

RELATED ARTICLES

Most Popular