नई दिल्ली । रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल कंपनी जियो प्लेटफार्म्स का मुनाफा चालू वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही अप्रैल-जून में 45 प्रतिशत उछलकर 3,651 करोड़ रुपए रहा। ग्राहक संख्या और डेटा उपयोग में तीव्र वृद्धि से लाभ बढ़ा है। कंपनी ने कहा कि उसकी परिचालन आय जून 2021 को समाप्त तिमाही में 9.8 प्रतिशत बढ़कर 18,952 करोड़ रुपए रही। कंपनी में कहा गया है कि आलोच्य तिमाही में उसकी सेवाओं का मूल्य 22,267 करोड़ रुपए रहा जो सालाना आधार पर 9.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। जियो ने कहा कि वह चुनौतियों के बावजूद मांग परिदृश्य को लेकर आशावादी है। रिलायंस प्लेटफार्म्स में शामिल दूरसंचार इकाई रिलायंस जियो इन्फोकॉम का शुद्ध लाभ जून 2021 तिमाही में 3,501 करोड़ रुपए रहा जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2,502 करोड़ रुपए था। जियो के कुल ग्राहकों की संख्या जून तिमाही के आखिर में 44 करोड़ से अधिक रही जबकि औसत आय 138.4 रुपए महीना रही। उसे आलोच्य तिमाही में 4.23 नये ग्राहक जाड़े। कुल डेटा ट्रैफिक जून 2021 तिमाही में 38.5 प्रतिशत बढ़कर 20.3 अरब जीबी रहा। जबकि फोन पर बातचीत यानी वॉयस ट्रैफिक के मामले में 19.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
