नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय शेयर बाजार में शुरुआती दौर में हुई तेज बिकवाली का असर आज मुद्रा बाजार में भी नजर आया। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) द्वारा शेयर बाजार में जमकर मुनाफा वसूली करने की वजह से आज डॉलर की मांग बढ़ने की आशंका बन गई है। इसी आशंका की वजह से मुद्रा बाजार में आज रुपये ने कमजोरी के साथ करोबार की शुरुआत की।
इंटर बैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में आज रुपया डॉलर की तुलना में 10 पैसे की कमजोरी के साथ 74.56 के स्तर पर खुला। इसके पहले कल गुरुवार को रुपये में 16 पैसे की मजबूती आई थी। इस मजबूती का कारण डॉलर की तुलना में रुपया 74.46 के स्तर पर बंद हुआ था।
माना जा रहा है कि आज रुपये की चाल काफी हद तक भारतीय शेयर बाजार में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की चाल पर निर्भर करेगी। अगर ये निवेशक भारतीय बाजार से मुनाफा वसूली के लिए अपने पैसे निकालेंगे तो स्वाभाविक रूप से डॉलर की मांग बढ़ेगी। ऐसा होने पर एक ओर जहां डॉलर मजबूत होगा, वहीं रुपये की कीमत में और गिरावट आ जाएगी।
