-दिल्ली में 31 मई तक केजरीवाल सरकार ने लगाया है लॉकडाउन
नई दिल्ली (हि.स.)। व्यापारियों की संस्था कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इडिया ट्रेडर्स (कैट) ने दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से 1 जून से दिल्ली के बाजारों को खोलने की मांग की है। राजधानी दिल्ली के प्रमुख व्यापारी नेताओं की बैठक के बाद कैट महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि एक महीने से ज्यादा वक्त से लागू लॉकडाउन से दुकानें और बाजारों के बंद होने से व्यापारी बहुत प्रभवित हुए हैं। ऐसे में अब 1 जून से दिल्ली में बाजारों को खोला जाना बेहद जरूरी है।
प्रवीन खंडेलवाल और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विपिन आहूजा ने बताया कि वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आयोजित बैठक में शामिल व्यापारियों ने कहा कि कोविड के सभी सुरक्षा उपायों के अनिवार्यता के साथ 31 मई या 1 जून से दिल्ली में बाजार खोले जाएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मुख्य तौर पर दो तरह के थोक एवं रिटेल बाजार है, जिनके व्यापारिक स्वरूप को देखते हुए सरकार को प्रस्ताव दिया है कि दिल्ली में थोक बाजार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक और रिटेल बाजार दोपहर 12 बजे से शाम सात बजे तक खोले जाएं। साथ ही कैट ने 1 से 7 जून तक दिल्ली में 10 बजे रात्रि से 5 बजे सुबह तक रात्रि कर्फ्यू लगाने की वकालत की है। कैट महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि इस बैठक में यह भी तय किया गया कि सरकार से यह मांग की जाए कि रेहड़ी-पटरी वालों को दिल्ली सरकार तुरंत हॉकिंग जोन या अस्थायी तौर पर सरकारी स्कूलों के खाली पड़े परिसर में कारोबार की अनुमति दे। ताकि, वे लोग भी अपना व्यापार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कर सकें। कैट के प्रदेश महामंत्री देवराज बवेजा, आशीश ग्रोवर और सतेंद्र वधवा ने कहा कि व्यापारियों के कर्मचारियों का टीकाकरण किया जाना बेहद जरूरी है, जिससे संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
कैट के प्रदेश चैयरमैन सुशील गोयल ने कहा कि दिल्ली में अनेक बाजारों में संयुक्त रूप से होलसेल और रिटेल कारोबार होता हैं। ऐसे सभी बाजारों को इन दोनों में से कोई एक विकल्प चुनने की छूट दी जाए। कारोबारी संगठन के इस बैठक में लगभग 150 ज्यादा प्रमुख व्यापारिक संगठनों ने भाग लिया।
