फिरोजाबाद (हि.स.)। उत्तर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार की देर रात्रि एक व्यापारी की दुकान में आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घर में फंसे 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। आगजनी की घटना से व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
उत्तर क्षेत्र थाना के मोहल्ला गंज निवासी संजय सिंघल की बाजार में साबुन की दुकान है। दुकान के ऊपर बने मकान में व्यापारी अपने पूरे परिवार के साथ रहता है। मंगलवार की देर रात दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने की जानकारी होने पर व्यापारी के परिवार में चीख-पुकार मच गई। घर में 10 लोगों को फंसे होने की जानकारी पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
व्यापारी ने आग लगने की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इसके साथ ही घर में फंसे 10 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
पुलिस अधीक्षक नगर सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि एक घड़ी व्यापारी के दुकान में आग लगने की जानकारी मिली थी। जिस दुकान में आग लगी है। उस दुकान के ऊपर मकान में व्यापारी का परिवार रहता है। जो आग लगने के बाद फंस गया। फायर ब्रिगेड ने व्यापारी के परिजनों को सुरक्षित बचाया। आग से व्यापारी काे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग शार्ट सर्किट से लगने की जानकारी मिल रही है हालांकि फायर ब्रिगेड मामले की जांच पड़ताल कर रहा है।
कौशल/दीपक/सियाराम
