आगरा(हि.स.)। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की हठधर्मिता के बाद ताजगंज व्यापारियों ने 12 अक्टूबर से अनिश्चितकाल के लिए बाजार बंद करने का निर्णय लिया है। इसी संबंध में मंगलवार को व्यापारियों ने राष्ट्रपति के नाम एडीएम प्रोटोकाल को ज्ञापन सौंपा है। कहा कि बुधवार से बाजार को बंद कर दिया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन में एडीए ने ताजमहल की 500 मीटर की परिधि के सभी व्यापारिक गतिविधियों को 17 से बंद करने का आदेश पारित किया था। जिस कारण से ताजगंज एरिया के व्यापारी सुप्रीम कोर्ट के आदेश का लगातार विरोध कर रहे थे। एडीए द्वारा इस आदेश के अनुपालन में लगातार सर्वे भी किया जा रहा था। इसी के चलते आज मंगलवार को ताजगंज क्षेत्र के व्यापारियों ने राष्ट्रपति के नाम एडीएम प्रोटोकाल को ज्ञापन सौंपा। इसके पश्चात व्यापरियों ने ताजगंज एरिया के बाजार को बुधवार से अनिश्चितकाल तक बंद किये जाने का निर्णय लिया है।
संघर्ष समिति और ताजगंज डेवलपमेंट फाउंडेशन के अध्यक्ष नितिन सिंह ने एडीए द्वारा की जा रही कार्यवाही को लोगों के खिलाफ बताया है। उनके अनुसार सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में ताजमहल के 500 मीटर परिधि के बाजार को बंद किये जाने से लगभग 50 हज़ार लोग बेरोजगार हो जाएंगे। एडीए की कार्यवाही के विरोध में व्यापारी लगातार प्रयास कर रहे हैं, जिसके कारण सोमवार को कैंडिल मार्च निकाला गया था।
श्रीकांत
