लखनऊ (हि.स.)। प्रसिद्ध व्यंग्यकार गोपाल चतुर्वेदी को साल-2021 का डॉ. लक्ष्मी शंकर मिश्र ‘निशंक’ साहित्य सम्मान दिया जाएगा। यह जानकारी डॉ. लक्ष्मीशंकर मिश्र निशंक अध्ययन संस्थान के मंत्री मुकुल मिश्र ने सोमवार को दी।
उन्होंने बताया कि व्यंग्यकार चतुर्वेदी को यह सम्मान निशंक जी की 103वीं जयंती पर 21 अक्टूबर को आयोजित सम्मान समारोह में दिया जाएगा। सम्मान समारोह का आयोजन उर्दू अकादमी सभागार में किया जाएगा। सम्मान समारोह की अध्यक्षता उप्र हिन्दी संस्थान के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कवि उदय प्रताप सिंह करेंगे। सम्मान स्वरूप 11 हजार रुपये की धनराशि, प्रतीक चिन्ह व प्रशस्ति पत्र भेट किया जाएगा।
श्री मुकुल ने बताया कि पुरस्कार दिये जाने का निर्णय अध्ययन संस्थान की निर्णायक मंडल की बैठक में लिया गया। बैठक में डॉ. कमला शंकर त्रिपाठी, प्रो. ऊषा सिंन्हा, योगीन्द्र द्विवेदी, अनिल मिश्रा, डॉ.आलोक मिश्रा प्रबुद्धजन शामिल थे।
