Saturday, April 11, 2026
Homeखेलवॉलीबॉल लीग: हैदराबाद ब्लैक हॉक्स ने रचा इतिहास, चेन्नई ब्लिट्ज को 5-0...

वॉलीबॉल लीग: हैदराबाद ब्लैक हॉक्स ने रचा इतिहास, चेन्नई ब्लिट्ज को 5-0 से हराया

हैदराबाद (हि.स.)। हैदराबाद ब्लैक हॉक्स ने इतिहास रचते हुए रविवार रात यहां जीएमसी गाचीबोवली इंडोर स्टेडियम में खेले गए पावर्ड बाय ए 23 रुपे प्राइम वॉलीबॉल लीग (पीवीएल) के पहले सीजन के 10वें मैच में चेन्नई ब्लिट्ज को 5-0 से मात देकर लीग में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। हैदराबाद के एसवी गुरुप्रशांत को प्लेयर ऑफ द मैच के लिए चुना गया।

हैदराबाद ने सभी पांच सेट जीतते हुए चेन्नई को 15-14, 15-11, 15-14, 15-7, 15-13 से हराया और मैच में सुपर प्वाइंट लेते हुए तीन प्वाइंट हासिल कर लिए। लीग में सभी 5 सेट जीतने वाली टीम को दो प्वाइंट के अलावा एक बोनस प्वाइंट भी मिलता है। हैदराबाद इस सीजन में पहली टीम है, जिसने मैच से बोनस प्वाइंट हासिल किया है। हैदराबाद की चार मैचों में यह दूसरी जीत है और अब टीम के अब 5 प्वाइंट हो गए हैं। वहीं, चेन्नई ब्लिट्ज को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है।

चेन्नई ब्लिट्ज ने टॉस जीतकर रिसीव करने का फैसला किया और पांच प्वाइंट की लीड ले ली। इसके बाद हैदराबाद ब्लैक हॉक्स ने वापसी की और फिर लगातार 7 प्वाइंट लेकर 15-14 से पहला सेट ले उड़ी। अगले सेट में भी तीन प्वाइंट से पीछे रहने वाली हैदराबाद ने जॉर्ज एंटनी के दम पर क्रेड सुपर प्वाइंट को भुनाकर 11-11 से चेन्नई की बराबरी कर ली। ब्लैक हॉक्स ने सुपर सेट के दम पर 15-11 से सेट को जीतकर मुकाबले में 2-0 की बेहतरीन लीड बना ली।

तीसरे सेट में यही कहानी रही। ब्रेक तक तीन प्वाइंट से पीछे रहने के बाद हैदराबाद ने स्कोर को 10-10 से बराबरी पर ला दिया। चेन्नई ने हालांकि फिर से लीड कायम कर ली और हैदराबाद ने फिर से 14-14 से बराबरी कर ली। हैदराबाद ने यहां शानदार ब्लॉक करके प्वाइंट हासिल कर लिया और 15-14 से सेट को और मैच को 3-0 से जीत लिया।

हैदराबाद ने चौथे सेट में भी धमाकेदार शुरुआत की और 8-1 की बढ़त बना ली और फिर वो 12-7 से आगे हो गई। ब्लैक हॉक्स ने यहां से लगातार प्वाइंट लेते हुए 15-7 से सेट को जीतकर मुकाबले में 4-0 की शानदार लीड कायम कर ली। पांचवें और अंतिम सेट में भी दोनों टीमें एक समय 9-9 से बराबरी पर थी। दोनों आगे भी एक समय 12-12 से बराबरी पर थी। हैदराबाद ने यहां से 15-13 से सेट और मैच को जीतकर मुकाबले में 5-0 की एकतरफा जीत हासिल कर ली और बोनस प्वाइंट भी अपने नाम कर लिया।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular