Monday, April 6, 2026
Homeखेलवॉलीबॉल लीग: रोमांचक मैच में कोलकाता थंडरबोल्ट्स ने कालीकट हीरोज को 3-2...

वॉलीबॉल लीग: रोमांचक मैच में कोलकाता थंडरबोल्ट्स ने कालीकट हीरोज को 3-2 से हराया

हैदराबाद (हि.स.)। पांचवें और निर्णायक सेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता थंडरबोल्ट्स ने सोमवार रात यहां जीएमसी गाचीबोवली इंडोर स्टेडियम में खेले गए पावर्ड बाय ए 23 रुपे प्राइम वॉलीबॉल लीग (पीवीएल) के पहले सीजन के तीसरे मैच में कालीकट हीरोज को 3-2 (15-13, 12-15, 15-10, 12-15, 15-13) से हरा दिया। कोलकाता थंडरबोल्ट्स के कप्तान अश्वल राय को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया।

कोलकाता ने टॉस जीतकर शानदार शुरुआत की और टेक्निकल टाइम आउट तक दो प्वाइंट की बढ़त बना ली। इसके बाद टीम दो क्रेड सुपर प्वाइंट लेकर 13-10 से आगे हो गई। टीम ने आगे भी अपनी लीड कायम रखते हुए 15-13 से पहला सेट जीत लिया। दूसरे सेट में भी टेक्निकल टाइम आउट तक कोलकाता तीन प्वाइंट से आगे थी। इसके बाद थंडरबोल्ट्स के हाथों से क्रेड सुपर प्वाइंट निकल गया, जिससे कालीकट को तीन प्वाइंट की लीड मिल गई और उसने 15-12 से दूसरा सेट अपने नाम कर लिया।

कोलकाता ने लगातार तीसरी बार टेक्निकल टाइम आउट तक तीसरे सेट में दो प्वाइंट की लीड बना ली। इसके बाद कप्तान अश्वल राय ने सुपर ब्लॉक करके कोलकाता को लीड में बनाए रखा। कोलकाता की टीम क्रेड सुपर प्वाइंट लेकर 5 प्वाइंट से आगे हो गई और तीसरा सेट 15-10 से जीतकर मुकाबले में 2-1 की लीड बना ली। कालीकट हीरोज ने चौथे सेट में वापसी की और टेक्निकल टाइम आउट तक 5 प्वाइंट की लीड ले ली। इसके बाद कोलकाता ने क्रेड सुपर प्वाइंट का दांव खेला और टीम इसमें सफल रही। कालीकट ने आगे भी अजीत के सुपर स्पाइक के जरिए अपनी बढ़त कायम रखी और फिर 15-12 से चौथा सेट जीतकर मैच में 2-2 से बराबरी पर आ गई। पांचवें और निर्णायक सेट में दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी कड़ा रहा। टेक्निकल टाइम आउट तक कालीकट हीरोज 3 प्वाइंट से आगे थी। यहां से कोलकाता ने दो क्रेड सुपर प्वाइंट लेकर लीड को कम कर दिया। हालांकि 13-13 से स्कोर बराबर रहने के बाद कोलकाता थंडरबोल्ट्स ने लगातार दो प्वाइंट लेकर अंतिम सेट को 15-13 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular