-उत्तर प्रदेश के एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर
-राज्य में एमएसएमई को क्षमता निर्माण में सहयोग के साथ-साथ घरेलू एवं निर्यात क्षमताओं के विस्तार में भी मिलेगी मदद
लखनऊ (हि.स.)। वॉलमार्ट और फ्लिपकार्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार में सक्रिय एमएसएमई की क्षमता निर्माण के लिए ईकोसिस्टम तैयार करने के उद्देश्य से राज्य के निर्यात संवर्धन ब्यूरो के साथ गुरुवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस भागीदारी के तहत् वॉलमार्ट और फ्लिपकार्ट राज्य के एमएसएमई को उनके व्यवसायों को डिजिटाइज बनाने में मदद देंगे। इसके साथ-साथ उन्हें ऑनलाइन रिटेल के जरिए पूरे भारत में उत्पाद बेचने में सक्षम बनाएंगे। एमएसएमई को अपनी निर्यात क्षमताएं बढ़ाने के साथ-साथ वॉलमार्ट की ग्लोबल सप्लाई चेन का हिस्सा बनने के अवसर भी मिलेंगे।
समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर के बारे में एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा उत्तर प्रदेश के एमएसएमई ने दुनियाभर में पहचान बनायी है। 2021 में रिकॉर्ड निर्यात दर्ज कराया है। उभरते सितारे और ओडीओपी जैसी योजनाओं के बलबूते उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में एमएसएमई के लिए एक शानदार इकोसिस्टम तैयार किया है। उन्हें निर्यात को बढ़ावा देने और नए बाजारों में पैठ बनाने में भी मदद दे रही है। हम वॉलमार्ट वृद्धि और फ्लिपकार्ट के साथ गठबंधन पर उत्साहित हैं। इस प्रोग्राम के जरिए एमएसएमई को और मजबूत बनाने और उन्हें सफलता की नई बुलंदियों को हासिल करने में भी मदद करेंगे।
इंटरनेशनल पार्टनरशिप सर्विसेज वॉलमार्ट की वाइस प्रेसीडेंट निधि मुंजाल ने इस पार्टनरशिप के बारे में कहा कि हम उत्तर प्रदेश सरकार के साथ भागीदारी कर राज्य में एक मजबूत एमएसएमई इकोसिस्टम तैयार करने के उनके प्रयासों में सहयोग को लेकर उत्सुक हैं। इसके लिए हम स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण एवं सहयोग देकर उनके लिए भारत में ऑनलाइन और ऑफलाइन अवसरों को उपलब्ध कराने का इरादा रखते हैं। हम 2027 तक भारत से अपने मेड इन इंडिया निर्यात को बढ़ाकर तिगुना कर 10 अरब डॉलर तक पहुंचाने तथा लघु व्यवसायों को सहयोग देकर उन्हें देश एवं विदेश में आगे बढ़ने का अवसर देने की दिशा में प्रयासरत रहेंगे।
सीनियर डायरेक्टर एवं हेड मार्केटप्लेस फ्लिपकार्ट जगजीत हरोड़े ने कहा उत्तर प्रदेश सरकार के साथ ओडीओपी स्कीम संबंधी फ्लिपकार्ट की भागीदारी को जबर्दस्त सफलता मिली है और जनवरी 2020 के बाद से अब तक विभिन्न उत्पाद श्रेणियों में हमने 52 प्रतिशत त्रैमासिक वृद्धि दर्ज की है। वॉलमार्ट वृद्धि और फ्लिपकार्ट समर्थ जैसे प्रोग्रामों के जरिए हम उत्तर प्रदेश के एमएसएमई कारीगरों तथा शिल्पियों को सशक्त बनाने, उन्हें ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस के जरिए देशव्यापी पहुंच का लाभ दिलाकर आगे बढ़ने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव एमएसएमई एवं सूचना नवनीत सहगल समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दिलीप शुक्ला
