Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवैदिक मंत्रों और निकाह कबूल है के साथ बंधे 2385 जोड़े

वैदिक मंत्रों और निकाह कबूल है के साथ बंधे 2385 जोड़े

-वैवाहिक समारोह में दिखा सांप्रदायिक एकता और अखंडता का नजारा

गाजियाबाद(हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में सोमवार को वैदिक मंत्रोचार और निकाह कबूल है की आवाज की गूंज के बीच एक ही पंडाल में दो हजार, 385 जोड़ें एक साथ वैवाहिक बंधन में बंध गए। सामूहिक वैवाहिक कार्यक्रम के लगभग बीस हजार से भी अधिक लोग साक्षी बने।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जोड़ों को ऑनलाइन (वर्चुअल) आशीर्वाद दिया, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार के काबीना मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य इस पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहे और सभी युगलों से मिलकर उनके सफल वैवाहिक जीवन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से आशीर्वाद दिया।

कमला नेहरू नगर स्थित पीडब्ल्यूडी मैदान पर लगभग छह एकड़ एरिया में फैले एक बड़े पंडाल में यह सामूहिक आयोजन किया गया। इस आयोजन में भाग लेने के लिए हापुड़, गाजियाबाद और बुलंदशहर से वैवाहिक बंधन लेके लिए जोड़े अपने परिवार सहित आए थे।

उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजना से अब तक हजारों श्रमिकों की बेटियां का घर बस चुका है। बिना भेदभाव किए सभी समाज की बेटियों की शादी में 75 हजार रुपए नगद और घर का सामान हेतु दिया जा रहा है।

बताया कि गाजियाबाद से 1239 जोड़ों ने पंजीकरण कराया है, इनमें 536 हिंदू और 447 मुस्लिम लाभार्थी शामिल है, हापुड़ के 446 हिन्दू और 195 मुस्लिम जोड़े शामिल हैं। इसके अलावा बुलंदशहर से 206 हिन्दू और 120 मुस्लिम लाभार्थियों को इस योजना का लाभ मिला है। खास बात यह है कि बौद्ध धर्म के श्रमिकों की 6 बेटियों का भी विवाह इसी पंडाल में कराया गया। पूरे पंडाल का नजारा किसी बड़े फार्म हाउस जैसा था।

गाजियाबाद की महापौर आशा शर्मा व मोदीनगर की विधायक मंजू शिवाच ने इस मौके पर कहाकि हर बेटी का यह सपना होता है कि उसकी शादी का पंडाल अविस्मरणीय हो, आज उन सभी बेटियों का यह सपना साकार हो रहा है। भारत माता की जयकार के बीच उन्होंने कहा कि इतना बड़ा पंडाल आज तक नहीं लगा होगा। प्रशासन ने हिंदू बेटियों के विवाह के लिए अलग से पुरोहित और मुस्लिम बेटियों के विवाह के लिए अलग से मौलानाओं को बुलाया गया था। एक तरफ जहां बैंड बाजे बज रहे थे, वहीं दूसरी तरफ शहनाई बज रही थी।

शादी समारोह संपन्न होने के बाद सभी धर्मों के जोड़ों ने एक दूसरे को बधाई दी। मेहमानों के लिए जलपान और भोजन प्रसाद की भी व्यवस्था की गई थी। पूरा पंडाल आज विभिन्न भावना से सराबोर नजर आ रहा था। यही भारत देश की अपनी अलग पहचान है जो विभिन्न धर्मों में भी अनेकता में एकता का संदेश देता है।

इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुनील भाराला, राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल ,स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग, विधायक सुनील शर्मा, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, भाजपा नेता नरेंद्र कश्यप, श्रम आयुक्त राज शेखर, राकेश कुमार सिंह, एसपी पवन कुमार और सीडीओ स्मिता लाल सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह समेत अनेक अधिकारी और समाज के प्रतिष्ठित लोग मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular