Saturday, March 28, 2026
Homeखेल वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिनी श्रृंखला से आराम मिलने के बाद स्वदेश लौटे...

 वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिनी श्रृंखला से आराम मिलने के बाद स्वदेश लौटे मोहम्मद सिराज

ब्रिजटाउन (हि.स.)। भारतीय स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद स्वदेश लौट आए हैं। सिराज वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए टीम का हिस्सा नहीं हैं, उन्हें इस श्रृंखला के लिए आराम दिया गया है।

ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, सिराज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन, अजिंक्य रहाणे, केएस भरत और नवदीप सैनी के साथ वापस स्वदेश लौट आए हैं।

सिराज के एकदिनी श्रृंखला में तेज गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व करने की उम्मीद थी, जिसमें हरफनमौला हार्दिक पांड्या, जयदेव उनादकट, शार्दुल ठाकुर, मुकेश और उमरान मलिक भी शामिल हैं, जबकि मोहम्मद शमी को आराम दिया गया है।

ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक, बीसीसीआई ने सिराज को उनके कार्यभार के कारण वेस्टइंडीज दौरे के एकदिवसीय सीरीज से आराम देने का फैसला किया है।

भारत को अगस्त के अंत से सितंबर के मध्य तक एशिया कप खेलना है, इसके बाद सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू श्रृंखला खेलनी है। वहीं, अक्टूबर में घरेलू सरजमीन पर एकदिवसीय विश्व कप होना है।

सिराज, जिन्हें कैरेबियाई दौरे के लिए टी20 टीम में शामिल नहीं किया गया था, ने दो टेस्ट मैचों में सात विकेट लिए, जिसमें पोर्ट-ऑफ-स्पेन के सपाट पिच पर पहली पारी में पांच विकेट भी शामिल हैं।

सिराज का आखिरी वनडे घरेलू मैदान पर मार्च 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था। उन्होंने श्रृंखला पांच विकेट के साथ समाप्त की। 2022 की शुरुआत के बाद से सिराज ने 43 एकदिवसीय विकेट लिए हैं, जो किसी भी भारतीय गेंदबाज से अधिक है।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular