– सुरक्षा एजेंसी जी4एस सिक्योर सॉल्यूशंस इंडिया ने लिखित में समस्त गोस्वामी समाज एवं मंदिर प्रबंधन से मांगा माफीनामा
– मंदिर प्रबंधन से तत्काल निजी एजेंसी के सुरक्षाकर्मी हटाए जाएं : शैलेंद्र गोस्वामी
मथुरा (हि.स.)। कोतवाली वृंदावन की चौकी बांकेबिहारी क्षेत्र अंतर्गत रविवार को विश्व प्रसिद्ध बांकेबिहारी मंदिर में मामूली कहासुनी के बाद तैनात सुरक्षा कंपनी के गार्डों ने दर्शनार्थी एवं गोस्वामी की नाबालिग पुत्री को जमकर पीटा। वहां मौजूद लोगों ने इस मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं मंदिर सेवायत शैलेंद्र गोस्वामी ने सुरक्षाकर्मियों की मंदिर के अंदर तैनाती पर सवालिया निशान लगाते हुए तत्काल मंदिर प्रबंधन से सिक्योरिटी कर्मियों को हटाने की मांग की है। सुप्रसिद्ध बाँकेबिहारी मंदिर रविवार को मंदिर के सेवायत सौरभ गोस्वामी की 8 वर्षीय पुत्री अपने साथ बुजुर्ग दम्पत्ति उसके परिवार के सदस्यों को लेकर मंदिर में प्रवेश कर रही थी। तभी मंदिर में तैनात महिला सुरक्षा गार्ड टीना ने उसे रोक दिया। कुछ ही समय में हुई नोकझोंक ने बड़े झगड़े का रुप ले लिया। महिला सुरक्षा गार्ड के साथ आसपास खड़े अन्य सुरक्षा गार्ड भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने एक राय होकर गोस्वामी की पुत्री और और उसके साथ मौजूद बुजुर्ग को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। मारो-मारो की आवाज के बीच विवाद से मंदिर में अफरा तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिस भी इस झगड़े को शांत नहीं कर पाई। मारपीट होते-होते दोनों पक्ष मंदिर से बाहर पहुंच गए। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने मोबाइल से इस घटना की वीडियो बना ली जो कि कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
घटना को लेकर गोस्वामियों में आक्रोश व्याप्त है। मंदिर के समीप मोहन बाग में गोस्वामी समाज, मंदिर प्रबंधन पुलिस की मौजूदगी में इस विवाद को लेकर वार्ता के लिए पहुंचे यहां भी जमकर हंगामा हुआ। गोस्वामी समाज मंदिर प्रबंधन से दोषी सुरक्षा गार्ड को ड्यूटी से हटाने और माफी मांगने की मांग की है।
बाँकेबिहारी मंदिर के प्रबंधक प्रशासन मुनीष कुमार ने जब इस संबंध में फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनके द्वारा फोन न उठाए जाने के कारण संपर्क नहीं हो सका।
बाँकेबिहारी पुलिस चौकी प्रभारी का कहना है कि मंदिर के सिक्योरिटी गार्ड और गोस्वामी समाज के बीच झगड़ा हो गया है। महिला सुरक्षा गार्ड मंदिर के गोस्वामी परिवार को पहचान नहीं पाई। सुरक्षा गार्ड ने उसे मंदिर में अन्दर जाने से रोक दिया। इसी का बात को लेकर झगड़ा हो गया।
सुरक्षाकर्मियों द्वारा की गई मारपीट की सर्वत्र निंदा होने पर मंदिर में तैनात सुरक्षा एजेंसी जी4एस सिक्योर सॉल्यूशंस इंडिया ने लिखित में समस्त गोस्वामी समाज एवं मंदिर प्रबंधन से माफीनामा मांगते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी गोस्वामी एवं दर्शनार्थी से मारपीट नहीं की जाएगी।
वृंदावन : बांकेबिहारी मंदिर सुरक्षाकर्मियों ने की श्रद्धालु और गोस्वामी की पुत्री के साथ मारपीट, वीडियो वायरल
RELATED ARTICLES
