मथुरा(हि.स.)। भक्ति वेदांत स्वामी मार्ग स्थित राधा वृन्दावन चंद्र मंदिर में शुक्रवार को नववर्ष का आगाज भक्तों द्वारा हरिनाम संकीर्तन के साथ किया गया।
नववर्ष की प्रातः बेला के साथ ही मंदिर में उत्सव का शंखनाद हुआ, जिसमें मंदिर के विभिन्न केन्द्रों से आए भक्तों ने अखण्ड हरीनाम संकीर्तन कर श्रीश्री राधा वृन्दावन चंद्र का शुभाशीष प्राप्त किया। नववर्ष की पावन नूतन बेला में आयोजित होने वाली मंगला आरती के साथ ही मंदिर में श्रीश्री राधा वृन्दावन चंद्र के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं देश के विभिन्न राज्यों के भक्त भी दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे।
प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी भक्तों द्वारा नववर्ष का स्वागत काफी गर्म जोशी के साथ किया जा रहा है। निर्माणाधीन गगनचुम्बी चंद्रोदय मंदिर की साइट पर देश के विभिन्न केन्द्रो से भक्तों ने हरीनाम संकीर्तन की प्रस्तुति दी। जिसमें भक्तों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। इस दौरान मंदिर से जुडे़ भक्तों को चंद्रोदय मंदिर प्रोजेक्ट की अपडेट प्रदान की गई।
