वीर जवान की मां बोलीं- बलिदान बेटे के लिए सम्मान मिलने से गौरवान्वित हूं

– सुलतानपुर के महेंद्र को मरणोपरांत राष्ट्रपति पुलिस पदक सम्मान

सुलतानपुर (हि.स.)। पाकिस्तान की सेना से मोर्चा लेने वाले सीमा सुरक्षा बल के उप निरीक्षक महेंद्र यादव को मरणोपरांत आठ साल बाद राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 24 मई को आयोजित सीमा सुरक्षा बल के अलंकरण समारोह में वीर जवान की मां को पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।

सम्मान लेकर लौटने के बाद वीर जवान की मां मर्यादी देवी ने मंगलवार को बताया कि अलंकरण समारोह में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। देश के लिए बलिदान बेटे के लिए सम्मान मिलने से मैं गौरवान्वित हूं।

कादीपुर तहसील के मलिकपुर नोनरा गांव के रामशब्द यादव के 23 वर्षीय पुत्र महेन्द्र यादव 07 अगस्त 2016 की रात पाकिस्तानी आतंकियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई में बलिदान हो गए थे। वीर जवान को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में अंतिम विदाई दी गई, जहां पर उनके परिजनों ने शहीद स्मारक का निर्माण कर महेन्द्र यादव की आदमकद प्रतिमा स्थापित की है।

सीमा सुरक्षा बल के एक पत्र के अनुसार 7-8 अगस्त 2016 की मध्यरात्रि 8-10 आतंकियों के एक समूह ने खराब मौसम का फायदा उठाते हुए पाकिस्तान से नियंत्रण रेखा पार करके एफडीएल भूरीवाला के वाटर पॉइंट तक आया और लगभग 5.45 बजे आतंकियों ने ड्यूटी पर मोर्चे में मौजूद संतरियों पर स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान उप निरीक्षक महेंद्र यादव गोली लगने से वीरगति को प्राप्त हो गए।

शहीद महेंद्र यादव पांच भाइयों में तीसरे नंबर के थे, सबसे बड़े भाई नरेंद्र यादव राजस्थान में प्राइवेट जॉब करते हैं। दूसरे नंबर के भाई सुरेंद्र एवं चौथे नंबर के भाई वीरेंद्र यादव गांव में खेती किसानी का कार्य करते हैं। सबसे छोटे पांचवें नंबर के भाई जितेंद्र यादव को रक्षा मंत्रालय की संस्तुति पर बीएसएफ में आरक्षी के पद पर नियुक्त किया गया है।

दयाशंकर/पवन

error: Content is protected !!