मुरादाबाद (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के महानगर सहमंत्री संतोष पांथरी उर्फ संतोष पंडित को गोली मारने के आरोपित नगर निगम संविदा कर्मी रजत शर्मा को सोमवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस डा. अनूप सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त काे दोपहर में मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। गोली से घायल संतोष पंडित का अस्पताल में उपचार चल रहा हैं।
उन्होंने बताया कि संतोष पांथरी थाना मझोला क्षेत्र के नया मुरादाबाद पाकेट दो के रहने वाले और विहिप के जिला सहमंत्री हैं। बीती शनिवार दोपहर में बुद्ध बाजार के प्रेमचुनरिया वैंकेट हाल में एक बैठक में वे शामिल हुए थे। उनका परिचित रजत शर्मा जो नगर निगम में संविदा कर्मी है, ने फोन करके मानसरोवर कालोनी तिराहे पर बुलाया। उनके वहां पहुंचने पर रजत शर्मा से कुछ देर उनकी बातचीत हुई। इसके बाद रजत ने कमर में सटाकर संतोष को गोली मार दी। गोली लगते ही विहिप नेता गिर पड़े और हमलावर भाग निकला। घायल को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस आरोपित की तलाश में थी।
पुलिस ने उसे सोमवार को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने बताया कि एक बयान को लेकर संतोष और उसकी सोशल मीडिया पर बहस हुई थी। इसी से खुन्नस खाकर उसने विहिप नेता को गोली मारी थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।
निमित/दीपक
