– लोकसभा चुनाव का आगाज है निकाय चुनाव
– मतदाताओं का मन टटोलने के साथ भगवा रंग को और गाढ़ा कर गए उप मुख्यमंत्री
– विकास को रफ्तार देने के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी
मीरजापुर (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि निकाय चुनाव लोकसभा चुनाव का आगाज है। 13 मई सपा-बसपा-कांग्रेस गई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब समाप्तवादी पार्टी हो चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव में साइकिल पंचर हो गई थी और रही सही कसर निकाय चुनाव में पूरी हो जाएगी। कांग्रेस से मुक्ति के लिए चुनावी यज्ञ में हर किसी को आहुति देनी चाहिए। कांग्रेस बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की बात कहती हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता कि बजरंग बली को कोई बांध ही नहीं पाया है। गुरुवार को मीरजापुर आए भाजपा के स्टार प्रचारक उप उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य चुनावी मंच से सपा-बसपा-कांग्रेस पर जमकर गरजे। उप मुख्यमंत्री नगर पालिका परिषद अहरौरा के अध्यक्ष पद के भाजपा उम्मीदवार ओमप्रकाश केशरी के समर्थन में पट्टीकला में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
नगर निकाय चुनाव में अपना वर्चस्व कायम कर ट्रिपल इंजर की सरकार बनाने के लिए भाजपा धुआंधार प्रचार कर रही है। दूसरे चरण के चुनावी जनसभाओं की शृंखला भी शुरू हो चुकी है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मतदाताओं का मन टटोलने के साथ नगर पालिका परिषद अहरौरा में आकर भगवा रंग को और गाढ़ा कर गए।
चुनावी मंच से उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सवा तीन करोड़ रुपये की लागत से अहरौरा नगर में सुंदर पार्क बनाया जाएगा। विकास को रफ्तार देने के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर क्षेत्र को कमल के फूल की तरह खिलाने का वादा कर रहा हूं। कमल खिलाने की जिम्मेदारी आप सब की है।
पूर्व की सरकारों में गरीब की कोई नहीं सुनता था। भाजपा सरकार गरीबों की सुन रही है। प्रदेश में जनता के आशीर्वाद से मिली ताकत से जो विकास हुआ है, वह महज झांकी है। अभी विकास की गंगा बहनी बाकी है। इसके लिए नगर पालिका में भाजपा की सरकार चाहिए। देश में मोदी और प्रदेश में योगी की सरकार न होती तो विकास महज कागजों में दिखता। अब डबल इंजन की सरकार से काम नहीं चलेगा। ट्रिपल इंजन की सरकार चाहिए।
भाजपा की जीत पर बहेगी विकास की गंगा
अपना दल (एस) के राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि नगर में विकास को तेजी लाने के लिए कमल खिलाने के लिए सभी को एकजुट होने की जरूरत है। भाजपा उम्मीदवार के जीतने पर नगर में विकास की गंगा बहेगी।
बसपा को झटका, कई पदाधिकारियों ने थामा भाजपा का दामन
चुनार विधानसभा से बसपा के उम्मीदवार रहे घनश्याम मौर्या ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। वहीं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिलदार सोनकर ने भी भाजपा का दामन थामा। साथ ही मनीष केशरी, अरविंद मौर्या को भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई गई।
गिरजा शंकर
