Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशविस चुनाव : फेफना से उपेन्द्र तिवारी और बेल्थरारोड से छट्ठू राम...

विस चुनाव : फेफना से उपेन्द्र तिवारी और बेल्थरारोड से छट्ठू राम ने किए नामांकन

बलिया (हि. स.)। विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को सिर्फ दो नामांकन पत्र दाखिल किए गए। भाजपा प्रत्याशी के रूप में योगी सरकार के मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने फेफना से और बेल्थरारोड (सुरक्षित) से छट्ठू राम ने अपने-अपने नामांकन पत्र भरे।

छठे चरण में जिले की सात सीटों के लिए चुनाव होने हैं। पहले दिन सिर्फ दो सीटों फेफना और बेल्थरारोड से एक-एक नामांकन पत्र भरे गए। फेफना से दो बार से विधायक और मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने दो सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया। बृजनाथ सिंह और उपेन्द्र पाण्डेय उनके प्रस्तावक थे। वहीं, हाल ही में भाजपा में शामिल हुए छट्ठू राम ने भी दो सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया। छट्ठू राम के प्रस्तावक सुधीर मिश्र और बाबा सुजीत दास थे। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने विपक्ष पर निशाना साधा।

उपेन्द्र तिवारी ने कहा कि मौजूदा योगी सरकार के द्वारा किए कार्यों के बल पर एक बार फिर से भाजपा सरकार बनने जा रही है। मोदी और योगी के कार्यों के आगे विपक्ष धराशायी है। विपक्षी दलों के पास मुद्दे का अभाव है। कहा कि अबकी बार 350 से अधिक सीटें जीतेंगे। नामांकन कर कलक्ट्रेट परिसर से बाहर निकलने पर भाजपा प्रत्याशियों उपेन्द्र तिवारी और छट्ठू राम के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन के समय सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, सांसद रविंदर कुशवाहा, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर और जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू भी थे।

नामांकन को लेकर कलक्ट्रेट के अंदर और बाहर भारी सुरक्षा बंदोबस्त किए गए थे। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह और एसपी राजनकरन नय्यर ने नामांकन प्रकिया का जायजा लिया।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular