-परिचालन में बाधक बने घरों को हटाए जाने का मामला
कुशीनगर(हि. स.)। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण से प्रभावित 11 किसानों ने अपने भूमि भवन के अधिग्रहण के सापेक्ष मुआवजा प्राप्त किया। गुरुवार को 11 किसानों को 58.46 लाख का मुआवजा प्राप्त किया। शासन ने इस मद में 7.45 करोड़ मुआवजा का प्रावधान करते हुए बजट जारी किया है।
भलुही मदारी पट्टी के अशोक, संजय, राकेशधर द्विवेदी, रामसकल धर द्विवेदी, कोमल, कन्हैया, वरुण, जयंत, अमित श्रीवास्तव व बिंदू का मुआवजा औपचारिकता के बाद सम्बन्धित के बैंक खाता में अंतरित किया गया।
डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने जहाजों के बाधारहित परिचालन में अवरोध बन रहे बेलवा दुर्गाराय एवं भलुही मदारी पट्टी के कुल 72 मकानों व भूमि के अधिग्रहण के लिए एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया को निर्देशित किया है। अथारिटी ने इन भवनों को हटाने के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा था। शासन के निर्देश पर सर्वे आदि की प्रक्रिया पूरी कर मुआवजा की डिमांड की थी।
एसडीएम वरुण कुमार पांडेय ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप नियम व न्यायसंगत भुगतान किया जा रहा है। यदि किसी प्रभावित को कोई दिक्कत हो तो कभी भी अवगत करा सकता है। त्वरित कार्रवाई होगी।
