Friday, March 27, 2026
Homeखेलविश्व कप 2023: ऑस्ट्रेलिया 199 रनों पर ऑलआउट, भारत को जीत के...

विश्व कप 2023: ऑस्ट्रेलिया 199 रनों पर ऑलआउट, भारत को जीत के लिए मिला 200 रनों का लक्ष्य

चेन्नई (हि.स.)। भारतीय टीम को ऑस्टेलिया के खिलाफ आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 में अपने पहले मैच में जीत के लिए 200 रनों का लक्ष्य मिला है। मैच में ऑस्टेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। ऑस्टेलिया 49.3 ओवर में 199 रनों पर ऑलआउट हो गई। भारत को मैच जीतने के लिए 200 रन बनाने होंगे।

मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श तीसरे ओवर में बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ ने पारी को संभाला। पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय साझेदारी की। इस साझेदारी को स्पिनर कुलदीप यादव ने डेविड वार्नर को आउट कर तोड़ा। वॉर्नर ने 52 गेंद पर 41 रन बनाए। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट 110 रन के स्कोर पर गिरा। रवींद्र जडेजा ने स्टीव स्मिथ को क्लीन बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका दिया। स्मिथ ने 71 गेंद में 46 रन बनाए। जडेजा ने स्मिथ के बाद मार्नस लाबुशेन और एलेक्स कैरी को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को डबल झटका दिया। लाबुशेन ने 41 गेंद में 27 रन बनाए, वहीं कैरी खाता भी नहीं खोल सके।

ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट ग्लेन मैक्सवले के रूप में गिरा। मैक्सवले ने 15 रन बनाए। सातवें विकेट के रूप में कैमरन ग्रीन पवेलियन लौटे। ग्रीन ने 20 गेंद में आठ रन बनाए। 165 रन पर ऑस्ट्रेलिया का आठवां विकेट गिरा। जसप्रीत बुमराह ने पैट कमिंस को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। कमिंस ने 24 गेंद में 15 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया का नौवां विकेट एडम जम्पा के रूप में गिरा। जम्पा ने 6 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया का आखिरी विकेट 199 रन पर गिरा। मिचेल स्टार्क 28 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 49.3 ओवर में 199 रनों पर ऑलआउट हो गई।

भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट, कुलदीप यादव ने 2 विकेट, जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट, रविचंद्रन अश्विन, हार्दिक पांड्या और मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट लिया।

वीरेन्द्र/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular