लखनऊ (हि.स.)। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में तिरंगा यात्रा निकालने में विभिन्न संस्थानों में अच्छा-खासा जोश दिख रहा है। शनिवार को डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, लखनऊ विश्वविद्यालय व अन्य कई कालेजों में विविध प्रतियोगिताओं के साथ ही रैली भी निकाली गयी।
डा.एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा कार्यक्रम में शनिवार को बाइक रैली व विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रोफेसर एमके दत्ता के नेतृत्व में झंडारोहण के बाद बाइक रैली निकाली गई। रैली सेंटर फॉर एडवांस्ड स्टडीज के मुख्य द्वार से होते हुए विश्वविद्यालय सीडीआरआई रोड, लखनऊ विश्वविद्यालय न्यू केंपस 60 फुटा रोड अटल चौराहा होते हुए वापस विश्वविद्यालय परिसर में समाप्त हुई।
रैली में विश्वविद्यालय के अधिकारी कर्मचारी एवं छात्र बाइक पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लिए जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इसके बाद वाद विवाद प्रतियोगिता हुई जिसका विषय था अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता: समाज की चुनौतियां एवं भूमिका, जिसमें छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। साथ ही निबंध लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसका विषय था 2050 तक भारत को विश्व गुरु बनाने की चुनौती। इसी क्रम में आत्मनिर्भर भारत विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
वहीं लखनऊ विवि के द्वितीय परिसर स्थित भैषजिक विज्ञान संस्थान द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसका शुभारंभ निदेशक प्रो. बी डी सिंह, प्रो. सी.पी. सिंह, पूर्व संकाय प्रमुख विधि संकाय तथा भैषजिक विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. पुष्पेंद्र कुमार त्रिपाठी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
तिरंगा यात्रा के अवसर पर भैषजिक विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. पुष्पेंद्र कुमार त्रिपाठी ने छात्रों को आज़ादी के पर्व के महोत्सव को समझाते हुए स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन किया। तिरंगा यात्रा में द्वितीय परिसर के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षक तथा कर्मचारी भी शामिल रहें।
उपेन्द्र
