Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशविश्वनाथ कॉरिडोर लोकार्पण से मकर संक्रांति तक पूरे प्रदेश को मथेगी भाजपा

विश्वनाथ कॉरिडोर लोकार्पण से मकर संक्रांति तक पूरे प्रदेश को मथेगी भाजपा

-प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव ने इस दौरान होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की दी जानकारी

लखनऊ (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 13 दिसम्बर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर लोकर्पण अवसर पर भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) प्रदेश भर में दिव्य काशी भव्य काशी अभियान चलाएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने बुधवार को यहां पार्टी दफ्तर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि काशी की महिमा और महत्ता और समृद्ध होने जा रही है। विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘दिव्य काशी-भव्य काशी’ के सपने को साकार कर रहे हैं। भारतीयों के लिए यह बहुत बड़ा अवसर है।

कहा कि भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में एक प्राचीन धार्मिक नगरी काशी विश्वनाथ धाम के सौंदर्यीकरण तथा समग्र विकास के अद्भुत कार्यों का प्रधानमंत्री मोदी 13 दिसम्बर को लोकार्पण कर रहे हैं। भगवान शिव के त्रिशूल पर बसी काशी नगरी के पुररूद्धार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो संकल्प लिया था, वह काशी विश्वनाथ धाम के रूप में अगले सप्ताह मूर्त रूप लेने वाला है।

बताया कि भाजपा के 27 हजार 700 शक्तिकेन्द्रों, शिवालय तथा प्रमुख मठ मंदिरों में व्यवस्थित रूप से स्क्रीन लगा कर 13 दिसम्बर के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। इसमें पार्टी कार्यकर्ता श्रद्धालुओं, प्रबुद्धजनों, पुजारियों, महंतो तथा साधु-संतो के साथ भाग लेंगे। प्रदेश के सभी गांवों में भी इस कार्यक्रम के सीधा प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी। इसमें गांव के लोगों के साथ पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस दिन सभी जिलों में किसी न किसी मंदिर, मठ, आश्रम या अन्य धार्मिक स्थल पर कार्यक्रम आयोजित होगा।

इसके लिए आज से पार्टी ने प्रदेश के सभी 1918 सांगठनिक मंडलों में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है। यह अभियान 12 दिसंबर तक चलेगा। इसके तहत सभी प्रमुख मंदिरों, मठों, आश्रमों, धार्मिक स्थलों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें प्रमुख पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता व जनप्रतिनिधि समलित होंगे।

भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के अवसर पर 12,13 और 14 दिसम्बर को प्रदेश के लोग दीपक जलाकर अपने घरों में भगवान शिव का आह्वान करेंगे। भाजपा प्रत्येक गांव, नगर और शहर में दीपोत्सव के लिए अभियान चलाएगी। इसे सफल बनाने के लिए दीप व्यवस्था कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी बूथ स्तरीय सम्पर्क करेगी और दीप वितरण की व्यवस्था देखेगी।

स्वतंत्रदेव सिंह ने बताया कि 14 दिसम्बर को पार्टी के वर्तमान मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी.एल.संतोष शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के प्रभारी तरूण चुग व सह प्रभारी आशीष सूद हैं। सभी मुख्यमंत्री/उपमुख्यमंत्री का तीन दिन का धार्मिक व सांस्कृतिक (दिनांक 13, 14 और 15 दिसम्बर ) प्रवास भी होगा। सभी 13 दिसम्बर की दोपहर काशी पहुंचेंगे।

बताया कि 17 दिसम्बर को केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय एवं उत्तर प्रदेश सरकार का शहरी विकास मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में महापौरों का सम्मेलन काशी में किया जाएगा। 23 दिसम्बर को काशी में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए एक महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश के कृषि वैज्ञानिक, उन्नत किसान सहित कृषि विशेषज्ञ भाग लेंगे। इसे प्रधानमंत्री सम्बोधित करेंगे। भाजपा के किसान मोर्चा की तरफ से सभी मंडलों पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सभी मंडलों पर स्क्रीन लगाई जाएगी। उसमें मंडल के किसान तथा कृषि वैज्ञानिक शामिल होगें।

काशी में ‘‘दिव्य काशी-भव्यकाशी‘‘ के संबंध में सरकारी पुस्तिका और प्रसाद का वितरण पांच लाख घरों में किया जाएगा। 12 जनवरी 2022 को स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर काशी में युवा सम्मेलन का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम को करने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन प्रदेश व जिला स्तर पर किया गया है।

दिलीप शुक्ला

RELATED ARTICLES

Most Popular