Sunday, February 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेश विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरूआत, पूरे अप्रैल माह तक चलेगा

 विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरूआत, पूरे अप्रैल माह तक चलेगा

– दक्षिणी विधायक डाॅ नीलकंठ तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया, दो चरणों में चलेगा अभियान

वाराणसी (हि.स.)। एक माह तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरूआत शनिवार से हुई। कबीरचैरा स्थित मंडलीय शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल परिसर से अभियान का शुभारंभ शहर दक्षिणी के विधायक डाॅ नीलकंठ तिवारी ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर की।

इस अवसर पर विधायक डाॅ तिवारी ने बताया कि 30 अप्रैल तक इस अभियान को 11 विभागों के समन्वय से निरंतर चलाया जायेगा। अभियान दो चरणों में चलेगा। पहले चरण में जागरूकता एवं बचाव के कार्यक्रमों के आयोजन के साथ ऐसे स्थान चिन्हित किए जाएंगे। जहां मच्छर हो सकते हैं। दूसरा चरण दस्तक अभियान के रूप में 17 अप्रैल से शुरू होकर 30 अप्रैल तक चलेगा। इसमें प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर संचारी रोगों से बचाव तथा उपचार के बारे में जानकारी देंगे। इस दौरान संभावित क्षय रोगियों की भी जानकारी प्राप्त की जायेगी।

इस अभियान में नगर विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग, उद्यान विभाग सहित अन्य विभाग की टीम आपसी सामंजस्य बनाकर संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए कार्य करेंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ संदीप चौधरी के अनुसार संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, कालाजार, फाइलेरिया, टीबी, फ्लू, वायरल आदि पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के पहले चरण में स्वास्थ्य टीम क्षेत्रवार मरीजों के आंकड़ों के आधार पर चिन्हित व हाई रिस्क क्षेत्रों में वेक्टर घनत्व का आंकलन करेगी। साथ ही अधिक मच्छर घनत्व वाले क्षेत्रों में सम्बन्धित विभागों के सहयोग से इस पर प्रभावी अंकुश के लिए प्रयास करेगी। अभियान का दूसरा चरण दस्तक 17 अप्रैल से शुरू होगा। इसमें आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गृह भ्रमण कर लोगों को संचारी रोगों के खतरे व बचाव की जानकारी देंगे।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular