गोण्डा । थानाक्षेत्र के शिवबक्श पुरवा गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, मायकेवालों ने दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। इस पर पुलिस ने पति समेत सात ससुरालियों पर दहेज हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है ।
शिवबक्श पुरवा गांव में मंगलवार को रंजना पत्नी शिवम पांडेय (21) का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही धानेपुर पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल की। क्षेत्र के ग्राम पंचायत रुद्रगढ़ नौसी के मजरा पिपरा लालच निवासी जयप्रकाश दुबे ने बताया कि उन्होंने अपनी लड़की रंजना की शादी दो साल पहले शिवबक्श पुरवा कसाई पुरवा में शिवम पांडेय के साथ की थी। उनका आरोप है कि कम दहेज लाने को लेकर बेटी को ससुराल वाले ताना देते थे। साथ ही दहेज में कार, दो लाख रुपए, सोने की जंजीर व दो अंगूठी की मांग कर रहे थे। मायके आने पर उनकी बेटी यह बात बताती थी। जयप्रकाश का आरोप है कि मंगलवार को दहेज के खातिर ससुरालियों ने बेटी को मार डाला और आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी पर लटका दिया है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतका के पिता जय प्रकाश दूबे की तहरीर पर पति शिवम पांडेय, ससुर जगदीश पांडेय, सास व ननद पिंकी, रिंकी, सोनम व सीमा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
