जौनपुर,28 मई (हि.स.)।सिकरारा थाना क्षेत्र के बांकी गांव में पुत्रवधू के मायके विवाद सुलझाने आए व्यक्ति की रिश्तेदारों ने लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। पत्नी, तीन पुत्रों व बहू को भी पीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने चार के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या दर्ज कर लिया है।
बांकी गांव के प्रमोद कुमार गौतम की बहन सुनीता की शादी मीरगंज थाना के लासा गांव के राकेश कुमार गौतम के साथ हुई थी। चार माह से किसी बात को लेकर प्रमोद गौतम की सुनीता के देवर राजेश कुमार से फोन पर कहासुनी हो रही थी। इसी विवाद को पंचायत के माध्यम से सुलझाने के लिए लालमनि गौतम बहू सुनीता व स्वजन को साथ लेकर बोलेरो से शुक्रवार दोपहर आए थे। आरोप कि दोनों पक्षों के बीच पंचायत शुरू ही हुई थी कि प्रमोद गौतम के पक्ष ने गालियां व जान से मार डालने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में लालमनि, पत्नी राजकुमारी, पुत्रों राकेश, राजेश, दीपक व पुत्रवधू सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि लालमनि ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद तनाव को देखते हुए शांति व्यवस्था के लिए गांव में पुलिस जवान तैनात कर दिए गए हैं। प्रमोद कुमार गौतम व एक अन्य आरोपित को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं शनिवार को इस मामले की जानकारी देते हुए थाना अध्यक्ष ने बताया कि पंचायत में किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हुई थी जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है । विधिक कार्यवाही की जा रही है।
विश्व प्रकाश
