Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशविप चुनाव: प्रतापगढ़ सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला

विप चुनाव: प्रतापगढ़ सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला

प्रतापगढ़ (हि.स.)। विधान परिषद के प्रतापगढ़ स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,815 मतदाता हैं। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है। मौजूदा एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ़ गोपाल जी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से चुनाव मैदान में हैं। सपा ने विजय यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने पूर्व विधायक हरि प्रताप सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है।

हाल में हुए विधानसभा चुनाव में जिले की सात सीटों में से दो सीट भाजपा- अपना दल(एस) गठबंधन ने जीती। वहीं, दो सीट सपा, दो सीट जनसत्ता दल लोकतांत्रिक और एक सीट कांग्रेस के पाले में रही। विधानसभा चुनाव के नतीजों को देखा जाए तो एमएलसी चुनाव भी रोचक होने की पूरी उम्मीद है। पंचायत एवं नगर निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण का कोटा 33 प्रतिशत है। एमएलसी चुनाव के लिए ग्राम, क्षेत्र, जिला पंचायत और सांसद, विधायक को मिलाकर कुल 2,815 मतदाता हैं। इसमें 1528 पुरुष और 1287 महिला मतदाता हैं।

इस बार एमएलसी के चुनाव में एकमात्र महिला प्रत्याशी मधुरिमा सिंह मैदान में हैं, लेकिन उनकी भूमिका अभी साइलेंट है। अक्षय प्रताप सिंह पर एक मुकदमें के कारण संकट के बादल छाने से उनकी पत्नी मधुरिमा ने नामांकन किया था। हालांकि बाद में अक्षय प्रताप सिंह को राहत मिल गई। ऐसे में 1287 महिलाएं एमएलसी के चुनाव में निर्णायक होंगी।

एमएलसी चुनाव के लिए इस बार 18 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सभी ब्लाक मुख्यालय के अलावा जिला पंचायत सभागार शामिल हैं। जिला पंचायत में नगर पालिका और जिला पंचायत सदस्य मतदान कर सकेंगे। नगर पंचायतों के मदाता संबंधित ब्लाक में मतदान करेंगे। जिले के कुंडा ब्लाक में सबसे अधिक 225 और जिला पंचायत में सबसे कम 82 मतदाता हैं। इसके अलावा सदर में 153, संडवाचंद्रिका में 162, मानधाता में 214, लक्ष्मणपुर में 144, रामपुर संग्रामगढ़ में 148, लालगंज में 138, सांगीपुर में 169, कालाकांकर में 151, विहार में 199, बाबागंज में 168, पट्टी में 136, आसपुर देवसरा में 143, गौरा में 134, शिवगढ़ में 149, मंगरौरा में 141 और बाबा बेलखरनाथ धाम ब्लाक में 159 मतदाता हैं।

दीपेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular