आजमगढ़ (हि.स.)। विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को भाजपा एमएलसी यशवंत सिंह के पुत्र विक्रांत सिंह ने आजमगढ़-मऊ स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। भाजपा ने आजमगढ़-मऊ क्षेत्र से पूर्व विधायक अरुणकांत यादव को टिकट दिया है।
विक्रांत सिंह ने पत्रकारों से कहा कि वे क्षेत्र में लगातार मेहनत कर रहे थे। भाजपा ने इस बार जिला पंचायत सदस्य और एमएलसी का टिकट सिर्फ इसलिए काट दिया कि पिताजी एमएलसी हैं। इसकी वजह से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि मैंने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लडा और 10 हजार वोटों से जीत गया। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए तैयारी की तो उनका पार्टी ने टिकट काट दिया और कहा कि आप एमएलसी यशंवत सिहं के पुत्र हैं। फिर जब मैंने एमएलसी की तैयारी पिछले एक साल कर रहा था तो फिर वही हवाला दिया गया कि आपके पिता एमएलसी हैं, इसलिए टिकट नहीं मिलेंगा। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके पिता यशंवत सिंह प्रचार करेंगे या नहीं, यह उनका निर्णय होगा। विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान 09 अप्रैल को होगा। मतों की गिनती 12 अप्रैल को होगी।
राजीव
