Sunday, February 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशविपक्ष के समय में ठेके पर नकल होती थी, अब सब उनके...

विपक्ष के समय में ठेके पर नकल होती थी, अब सब उनके अड्डे बंद हो गए : गुलाब देवी

-माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने विरोधी दलों पर कसा तंज

वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने शनिवार को विरोधी दलों पर निशाना साधा। प्रदेश में सरकारी स्कूलों में पढ़ाई और कार्यप्रणाली को लेकर विरोधी दलों के सवाल पर गुलाब देवी ने कहा कि विपक्ष का हंगामा करना सही है। विपक्ष के समय में ठेके पर नकल होती थी। अब सब बंद हो गए। ऐसे में अब उन्हें कैसे चैन पड़ेगा। जहां बिना पढ़े, लिखे बच्चों की भी ठेके पर नकल कराई जाती थी। वहां अब 98 फीसदी रिजल्ट आया है।

गुलाब देवी ने रविवार को यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हर एक विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। हर जगह छात्र कैमरे की नजर में हैं। हमारा रिजल्ट 98 फीसद रहा है। इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है। जनसंख्या से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सरकार का विषय है। इस मसले पर सरकार ही निर्णय लेगी। इस दौरान प्रदेश के आयुष मंत्री डाॅ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ भी मौजूद रहे।

माध्यमिक शिक्षा एवं उप्र प्रधानाचार्य परिषद वाराणसी की ओर से लहुराबीर स्थित राजकीय क्वींस काजेल के सभागार में आयोजित शैक्षिक उन्नयन विषयक संगोष्ठी में भी माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी शामिल हुईं। संगोष्ठी में उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय एवं अनुकरणीय कार्य किया है। कार्य समेकित रूप से मील के पत्थर सिद्ध हो रहे हैं। इस क्षेत्र में योगी सरकार के कार्य अन्य प्रदेशों के लिए भी अनुकरणीय हैं। संगोष्ठी में प्रदेश के आयुष मंत्री डाॅ दयाशंकर मिश्र ने अपने शैक्षिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए माध्यमिक शिक्षा की उपलब्धियों पर चर्चा की और कुछ संशोधन एवं शैक्षिक संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया। गोष्ठी में उप शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा महेन्द्र देव भी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मण्डल डॉ. प्रदीप कुमार ने किया और माध्यमिक शिक्षा के उपलब्धियों को भी बताया।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular