नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विपक्षी गठबंधन पर हमला बोलते हुए उसे भानुमति का कुनबा करार दिया है। नड्डा ने कहा कि विपक्षी गठबंधन यूपीए के पास न नीति है, न तो इनके पास नेता है, न ही नीयत है और न ही कोई कार्यक्रम की रूप रेखा। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन सिर्फ 20 लाख करोड़ रुपये के घोटाले से बचने के लिए एक जुड़ाव है। देश की जनता ने तय कर लिया है कि वह 2024 में एनडीए की सरकार बनाएगी।
सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में नड्डा ने कहा कि बीते नौ साल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के सभी वर्गों का विकास हुआ है। डिजिटल टूल का उपयोग बढ़ा है, इसलिए पारदर्शिता में बढ़ोतरी हुई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गुड गवर्नेंस पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कोरोना प्रबंधन में भारत ने दुनिया में मिसाल पेश की है। वैक्सीन बना कर देश को इस बीमारी से निजात दिलायी। मोदी ने समाज के साथ कोरोना की लड़ाई लड़ी। जनता की भागीदारी के साथ कोरोना के खिलाफ जंग जीती। उन्होंने कहा कि दुनिया आर्थिक मंदी से गुजर रही है, इसके बावजूद आईएमएफ की रिपोर्ट कहती है कि भारत की आर्थिक स्थिति बहुत ही अच्छी है। एनडीए का गठबंधन सेवा के लिए है, भारत को मजबूती देने के लिए है। देश में एनडीए का दायरा बढ़ रहा है।
नड्डा ने कहा कि 9 साल के अंदर गांव, गरीब, शोषित, पीड़ित, वंचित, दलित, युवा, महिला, किसान इन सबके प्रति स्कीम्स को फोकस किया गया है। इससे इनके सशक्तिकरण में हमें बहुत सफलता मिली है। पिछले 9 वर्षों में मोदी के नेतृत्व में एक मजबूत लीडरशिप देखने को मिली है, जिसको देश ने भी सराहा है और एक बहुत ही पॉजिटिव वातावरण बना है। कोरोना प्रबंधन में मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में मिसाल कायम की है।
उन्होंने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के तहत 28 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। हमने लगभग 4-5 लाख करोड़ रुपये की लीकेज को बंद कर दिया है। इसके अलावा शासन में डिजिटल उपकरणों का उपयोग बढ़ा है, जिससे पारदर्शिता आई है।
विजयलक्ष्मी/दधिबल
