लखनऊ (हि.स.)। मीराबाई मार्ग स्थित विधायक निवास पांच का हरे-भरे पार्क को आजकल सरकारी विभाग से रिटायर पुरानी अम्बेसडर कारों का पार्किंग स्थल बना दिया गया है। पुरानी कारों को खड़ा करने से पार्क की सुंदरता खराब हुई है, तो वहीं सुबह पार्क में टहलने वालों में गुस्सा भी है।
विधायक निवास पांच में बड़े क्षेत्र में फैले हुए पार्क की देखरेख उद्यान विभाग करता है। उद्यान विभाग की तरफ से आउटसोर्सिंग पर कर्मचारी भी रखे गये हैं। कर्मचारी (माली) पार्क की देखरेख करते हैं। पार्क की सुंदरता बनाए रखने के लिए समय-समय पर खाद पानी भी देता है।
राज्य सम्पत्ति विभाग के अंतर्गत आने वाले विधायक निवास 5 में जनप्रतिनिधियों के अलावा तमाम प्रमुख लोगों का निवास है। विधायक निवास में रहने वाले लोगों के लिए सुबह पार्क में टहलना बेहद पसंदीदा कार्य है लेकिन इन दिनों वे लोग कारों की पार्किंग के कारण पार्क में घूम नहीं पा रहे हैं।
मीरा बाई रोड पर स्थित विधायक निवास 5 के व्यवस्था अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि राज्य सम्पत्ति विभाग की ओर से पुरानी कारों की बहुत जल्द नीलामी होने वाली है और इसके बाद पार्क को पूरी तरह से खाली कर दिया जाएगा।
