विधायक इरफान की मां और पत्नी ने नाजिर फातिमा के आरोपों को बताया बेबुनियाद

कानपुर (हि.स.)। महाराजगंज जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी की मां और पत्नी ने शनिवार को प्रेस वार्ता की। दोनों ने नाजिर फातिमा के आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि वह पुलिस और न्यायालय को गुमराह कर रही है। इसीलिए आए दिन बयान देती है कि विधायक और उसके लोग धमकी देते हैं। विधायक और उसका भाई रिजवान जेल में बंद हैं तो कैसे उसे धमकी दे सकते हैं।

सपा विधायक इरफान सोलंकी के जाजमऊ स्थित आवास के पास नाजिर फातिमा का प्लाॅट है, जिसमें वह झोपड़ी बनाकर रहती है। नाजिर ने पिछले वर्ष विधायक इरफान और उसके भाई रिजवान पर आरोप लगाया था कि उन दोनों के इशारे पर उसकी झोपड़ी पर आग लगाई गई। क्योंकि यह लोग प्लाॅट पर कब्जा करना चाहते हैं। इस मामले को लेकर थाना में दर्ज मुकदमे पर मामला एमपी-एमलए कोर्ट में चल रहा है और जल्द फैसला आने की संभावना है। विधायक और उसका भाई रिजवान जेल में बंद है।

इधर, कई बार पेशी पर आए विधायक और उसके भाई ने मीडिया से कहा कि न्याय होगा, इंसाफ होगा और हम बरी होंगे। इन बयानों पर पीड़िता नाजिर फातिमा का आरोप है कि आरोपित जिस अंदाज में मीडिया से बात करते हैं उससे साफ है वह धमका रहे हैं। इसके अलावा उनके लोग भी बराबर मुकदमें की पैरवी न करने को लेकर धमकाते हैं। पीड़िता ने पुलिस से लेकर न्यायालय में भी धमकाने की बात रखी है। इस पर शनिवार को विधायक इरफान की पत्नी नसीम सोलंकी, मां खुर्शीदा बानो और उनके अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित ने प्रेस वार्ता कर नाजिर फातिमा और उसकी बेटी कनीज जायरा के आरोपों को बेबुनियाद बताया।

विधायक की मां ने कहा कि क्या इंसाफ होने की बात कहना भी गलत है। नाजिर फातिमा पुलिस और न्यायालय को गुमराह करने के लिए मनगढ़ंत धमकाने का आरोप लगा रही है, जिससे मुकदमे का फैसला टलता रहे।

विधायक के वकील शिवाकांत दीक्षित ने बताया कि मामले में जिरह पूरी हो चुकी है और दो माह से लगातार कोर्ट फैसले को टाल रहा है। इसके पीछे वादी द्वारा की जा रही बराबर गलत बयानबाजी भी कारण हो सकता है। उन्होंने कहा कि हमारे मुवक्किल जेल से सीधे कोर्ट पेशी पर आते हैं और इस दौरान मीडिया से हुए सवाल पर हर बार यही कहते हैं कि हमे इंसाफ मिलेगा तो इसमें क्या गलत है।

अजय/दीपक/मोहित

error: Content is protected !!