कानपुर (हि.स.)। विधायकों के जरिये आम जनमानस सरकार तक अपनी बात पहुंचाता है, लेकिन योगी सरकार को वह भी बर्दाश्त नहीं है। सरकार जनता की बात को सुनने को तैयार नहीं है और इसीलिए सपा के विधायकों की गिरफ्तारी की जा रही है। यही नहीं विधायकों को ईडी और सीबीआई के नाम पर डराया जा रहा है, ताकि जनता की बात सदन तक न पहुंच सके। यह बातें गुरुवार को विरोध दर्ज करा रहे सपाइयों ने एक सुर में कही।
जनता की आवाज को उठाकर विरोध कर रहे सपा विधायकां की गिरफ्तारी और ईडी के नाम पर जारी उत्पीड़न के खिलाफ कानपुर में भी सपाई सड़क पर उतर आये। नगर अध्यक्ष डाक्टर इमरान की अगुवाई में सपा कार्यकर्ताओं ने बरसते पानी में भी मौन धरना दिया।
चौधरी चरण सिंह प्रतिमा स्थल घंटाघर चौराहे में हुए मौन धरने में कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। हाथों में नारे लिखी तख्तियां लिए पार्टी कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ अपने आक्रोश को प्रकट रहे थे। मौन धरने की समाप्ति पर अध्यक्ष डा. इमरान ने कहा कि यह घोर इमरजेंसी का युग चल रहा है जहां विधायकों को भी अपनी बात कहने नहीं दी जाती है, तो आम लोगों का क्या होगा।
आम जनता की अपेक्षा होती है कि विधायक उनकी आवाज बनेंगे। उनकी दिक्कतों से अधिकारियों को रुबरु कराएंगे, लेकिन वर्तमान की योगी सरकार तानाशाह के रुप में कार्य कर रही है। विधानसभा में प्रदर्शन करने वाले विधायकों को नजरबंद और गिरफ्तार जा रहा है। ईडी और सीबीआई का डर दिखाया जा रहा है। सपा प्रदेश कार्यालय को पुलिस की छावनी बना कर नेताओं, कार्यकर्ताओं को डराया जा रहा है जिसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अजय
